Chhattisgarh Patan News: पाटन। नगर पंचायत पाटन की सभापति नेहा बाबा वर्मा ने वार्ड क्रमांक 5 (नया तालाब) और वार्ड क्रमांक 12 (दर्री डबरी) में प्रस्तावित तालाब गहरीकरण को लेकर परिषद बैठक में स्पष्ट रुख अपनाते हुए पारदर्शिता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
उन्होंने बताया कि वार्ड 12 के दर्री डबरी क्षेत्र में पूर्व में अवैध मुरम खनन की शिकायतें सामने आ चुकी हैं, जिन पर स्थानीय नागरिकों ने आपत्ति दर्ज कराई थी। इस मामले में मीडिया रिपोर्ट सामने आने के बाद प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग भी की गई है।
सभापति वर्मा ने कहा कि ऐसे संवेदनशील मामलों में बिना उचित जांच और स्पष्टता के किसी भी गहरीकरण प्रस्ताव को मंजूरी देना उचित नहीं होगा। इससे न केवल परिषद की छवि प्रभावित होती है, बल्कि जनता के बीच गलत संदेश भी जाता है। उन्होंने अवैध गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने पर जोर दिया।
बैठक में सत्तापक्ष और विपक्ष के पार्षदों के बीच विस्तृत चर्चा के बाद किसान हित और जनहित को ध्यान में रखते हुए तालाब गहरीकरण कराने पर सहमति बनी। हालांकि यह भी तय किया गया कि कार्य पूरी पारदर्शिता, शासन की गाइडलाइन और विधिवत स्वीकृति के बाद ही शुरू किया जाएगा।
इस दौरान नेहा बाबा वर्मा ने सभी सदस्यों से अपील की कि हर निर्णय नियमों और जवाबदेही के दायरे में रहकर लिया जाए। उन्होंने कहा कि जनता का भरोसा बनाए रखना सभी जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है और नगर में विकास कार्य पारदर्शी तरीके से ही आगे बढ़ाए जाएंगे।

