Chhattisgarh Raipur News: रायपुर: प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने अंबिकापुर स्थित गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेश और देश की उन्नति, प्रगति और जनकल्याण के लिए अरदास की। इस दौरान उन्होंने समाज में सेवा, समरसता और आपसी सद्भाव की भावना को विकास का मूल आधार बताया।
मंत्री अग्रवाल ने कहा कि गुरुद्वारा जैसे पवित्र स्थल हमें सेवा, त्याग और मानवता का सच्चा संदेश देते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब समाज में शांति, सौहार्द्र और सहयोग की भावना मजबूत होती है, तभी समग्र विकास संभव हो पाता है। एकजुट समाज ही प्रदेश और देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकता है।
उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि राज्य सरकार जनकल्याण के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है। समाज के हर वर्ग के उत्थान और समावेशी विकास के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है।
इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंध समिति के पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं ने मंत्री अग्रवाल का स्वागत किया। उपस्थित लोगों ने भी प्रदेश की प्रगति और समाज में शांति बनाए रखने की कामना की।

