Shots Fired at White House Correspondents’ Dinner News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंस डिनर में फायरिंग की घटना के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए जहां सीक्रेट सर्विस और सुरक्षकर्मियों की तारीफ की वहीं उन्होंने कहा कि उपराष्ट्रपति वेंस और अन्य कैबिनेट के सदस्य पूरी तरह से सुरक्षित हैं। उन्होंने बताया कि हमलावर को पकड़ लिया गया है। एक पुलिसकर्मी को गोली लगी है लेकिन वह खतरे से बाहर है।
सुरक्षाकर्मियों ने तेजी से एक्शन लिया
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, “यह बहुत अनएक्सपेक्टेड था, लेकिन सीक्रेट सर्विस और लॉ एनफोर्समेंट ने इस पर बहुत तेज़ी से एक्शन लिया। एक आदमी कई हथियारों से लैस होकर सिक्योरिटी चेकपॉइंट पर घुस गया, और उसे सीक्रेट सर्विस के कुछ बहुत बहादुर सदस्यों ने काबू में कर लिया। उन्होंने बहुत तेज़ी से एक्शन लिया।”
शूटर के बारे में दी ये जानकारी
डोनाल्ड ट्रंप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में शूटर के बारे में कुछ डिटेल्स बताईं। उन्होंने बताया कि फायरिंग करनेवाले शख्स की पहचान कोल टॉमस एलन के तौर पर हुई है। वह 31 साल का है और कैलिफोर्निया का रहनेवाला है। सुरक्षा एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं।उसके पास कई हथियार थे।
एक ऑफिसर को गोली लगी
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, “एक ऑफिसर को गोली लगी लेकिन वह बच गया क्योंकि उसने बहुत अच्छी बुलेटप्रूफ वेस्ट पहनी हुई थी। उसे बहुत पास से एक बहुत पावरफुल गन से गोली मारी गई थी। उसका हौसला काफी बुलंद है।”
इससे पहले ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा था कि सुरक्षा एजेंसियों के अनुरोध पर प्रोटोकॉल का पालन करते हुए उन्होंने कार्यक्रम स्थल को तुरंत खाली कर दिया था। ट्रंप ने बताया कि वह खुद, उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप, उपराष्ट्रपति वेंस और कैबिनेट के सभी सदस्य पूरी तरह से सुरक्षित हैं। उन्हें किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ है।
दरअसल, डोनाल्ड ट्रंप उस समय बाल-बाल बच गए जब वॉशिंगटन के हिल्टन होटल में डिनर के दौरान फायरिंग हुई। व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान इस घटना ने सबको सकते में डाल दिया। हालांकि सुरक्षाकर्मियों ने जवाबी कार्रवाई में हमलावर को काबू में कर लिया।

