कवर्धा में फिर धान घोटाला उजागर: तीन सोसायटियों से हजारों क्विंटल धान गायब, जांच तेज

कवर्धा में फिर धान घोटाला उजागर: तीन सोसायटियों से हजारों क्विंटल धान गायब, जांच तेज

Chhattisgarh Kawardha News: छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में धान खरीदी केंद्रों में एक बार फिर बड़ी अनियमितता सामने आई है। खाद्य विभाग द्वारा किए गए भौतिक सत्यापन में हजारों क्विंटल धान की कमी पाई गई है, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, पंडरिया विकासखंड के बाघा मुड़ा, रमतला और बघर्रा सोसायटियों में करीब 5 हजार क्विंटल धान कम पाया गया है। वहीं एक अन्य केंद्र में 110 बोरी धान अतिरिक्त मिलने की बात भी सामने आई है, जो रिकॉर्ड में गड़बड़ी की ओर इशारा करता है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कमेटी ने प्रकरण तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया है। इस बीच राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव आकाश केशरवानी ने प्रशासन पर लापरवाही और आरोपियों को बचाने का आरोप लगाया है।

उन्होंने कहा कि जिले में लगातार धान घोटाले सामने आ रहे हैं, लेकिन जिम्मेदारों पर ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि पहले “चूहे धान खा गए” और अब हजारों क्विंटल धान गायब हो रहा है, जो गंभीर भ्रष्टाचार को दर्शाता है।

वहीं, मामले पर संज्ञान लेते हुए कलेक्टर गोपाल वर्मा ने संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोषियों से वसूली की जाएगी और जरूरत पड़ने पर एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।

फिलहाल यह मामला पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोगों की नजर अब प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।


Related Articles