Chhattisgarh Ambikapur News: रायपुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में अग्रवाल समाज के बहुप्रतीक्षित ‘श्री अग्रोहा पैलेस’ का भूमिपूजन रविवार को संपन्न हुआ। इस अवसर पर रायपुर सांसद और वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
प्रस्तावित ‘श्री अग्रोहा पैलेस’ में 150 अत्याधुनिक कमरे, विशाल हॉल और सर्वसुविधायुक्त लॉन का निर्माण किया जाएगा, जो आने वाले समय में पूरे मध्य भारत में एक विशिष्ट पहचान बनाने की क्षमता रखता है।
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद अग्रवाल ने कहा कि अग्र समाज की पहचान सेवा और समर्पण की परंपरा से रही है। उन्होंने महाराजा अग्रसेन के आदर्शों का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज को उन्हीं मूल्यों पर आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने जोर देते हुए कहा, “भवन बनाना महत्वपूर्ण है, लेकिन उससे भी अधिक जरूरी है एक जीवंत और जागरूक समाज का निर्माण करना।” उन्होंने चिंता जताई कि नई पीढ़ी समाज सेवा के पारंपरिक कार्यों में पहले जैसी सक्रियता नहीं दिखा रही है और इसे सुधारने की आवश्यकता है।
सांसद अग्रवाल ने कहा कि केवल भव्य भवन निर्माण से उद्देश्य पूरा नहीं होगा, बल्कि समाज के हर वर्ग, खासकर कमजोर और जरूरतमंद लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने सुझाव दिया कि समाज को जरूरतमंद परिवारों के लिए आवास और सहयोग जैसे कार्यों पर भी ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य को सबसे बड़ी सेवा बताते हुए कहा कि “अगर हम किसी बच्चे को शिक्षित कर दें या किसी गरीब का इलाज करा दें, तो यही सबसे बड़ी पूजा है।”
कार्यक्रम में अग्रवाल समाज के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। ‘श्री अग्रोहा पैलेस’ को समाज को जोड़ने, संस्कारों को मजबूत करने और सेवा भावना को आगे बढ़ाने के केंद्र के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।

