Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने महिलाओं के सशक्तिकरण को राज्य के समग्र विकास की आधारशिला बताया। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं सशक्त होती हैं, तो परिवार, समाज और पूरा राज्य मजबूत होता है।
नया रायपुर स्थित अपने निवास पर आयोजित ‘लक्ष्मी सखी मिलेट्स कार्ट’ वितरण कार्यक्रम में मंत्री ने विभिन्न स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को मिलेट्स कार्ट और चेक वितरित किए। इस दौरान बड़ी संख्या में हितग्राही महिलाएं मौजूद रहीं।
मंत्री राजवाड़े ने बताया कि यह अभियान महिलाओं के लिए स्वरोजगार का मजबूत माध्यम बन रहा है। कांकेर जिले के नरहरपुर गांव की महिलाओं का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वे प्रतिदिन 2 से 3 हजार रुपये और प्रतिमाह 25 से 30 हजार रुपये तक की आय अर्जित कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य अधिक से अधिक महिलाओं को “लखपति दीदी” बनाना है, जिससे उनका आर्थिक सशक्तिकरण सुनिश्चित हो सके। साथ ही महिला कोष योजना और सक्षम योजना जैसी पहलें भी महिलाओं को कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराकर स्वरोजगार के अवसर प्रदान कर रही हैं।
मंत्री ने बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से महिलाएं पापड़ निर्माण, श्रृंगार सामग्री, किराना व्यवसाय सहित कई गतिविधियों से जुड़कर आत्मनिर्भर बन रही हैं।
गौरतलब है कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस (8 मार्च 2026) के अवसर पर बस्तर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े द्वारा ‘लक्ष्मी मिलेट्स कार्ट’ अभियान की शुरुआत की गई थी।
इस मौके पर महिला एवं बाल विकास विभाग की संचालक डॉ. रेणुका श्रीवास्तव समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

