CG News: परशुराम जयंती पर कोरबा में विकास की सौगात, मंत्री लखनलाल देवांगन ने किए भवनों का लोकार्पण

CG News: परशुराम जयंती पर कोरबा में विकास की सौगात, मंत्री लखनलाल देवांगन ने किए भवनों का लोकार्पण

Chhattisgarh Korba News: कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा में भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर परशुराम द्विज परिवार और सर्वब्राह्मण समाज द्वारा भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजूदेवी राजपूत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान दोनों नेताओं ने समाज के नवनिर्मित भवनों का लोकार्पण किया और समाज को कई विकास सौगातें दीं। मंत्री देवांगन द्वारा परशुराम द्विज परिवार के भवन के प्रथम तल के शेष कार्य और द्वितीय तल के निर्माण के लिए 25 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई थी, जिसका कार्य पूर्ण होने के बाद लोकार्पण किया गया। वहीं सर्वब्राह्मण समाज के लिए जिला खनिज न्यास मद से लगभग 20 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन, प्रसाधन और अन्य विकास कार्यों का भी उद्घाटन किया गया।

मंत्री देवांगन ने अपने संबोधन में कहा कि ब्राह्मण समाज हमेशा सभी वर्गों के कल्याण और मार्गदर्शन का कार्य करता है। उन्होंने भगवान परशुराम का आशीर्वाद सभी पर बने रहने की कामना की।

महापौर संजूदेवी राजपूत ने भी समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि समाज के लिए बनाए गए ये भवन सेवा और सामाजिक गतिविधियों को नई दिशा देंगे। उन्होंने मंत्री देवांगन की सराहना करते हुए कहा कि वे सभी समाजों के हित में लगातार कार्य कर रहे हैं, जिससे कोरबा का विकास तेज गति से हो रहा है।

इस अवसर पर सभापति नूतन सिंह ठाकुर, पार्षद नरेन्द्र देवांगन सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में मंत्री देवांगन ने अतिरिक्त घोषणाएं करते हुए दोनों भवनों में आवश्यकतानुसार एसी लगाने, महिला विंग को 1 लाख रुपये की सहायता देने और अन्य सामाजिक गतिविधियों के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान करने की घोषणा भी की।

समारोह में समाज के वरिष्ठ सदस्यों ने कोरबा के विकास और सामाजिक समरसता में इस तरह की पहलों को महत्वपूर्ण बताते हुए जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।


Related Articles