‘सार्थक अभियान’ को मिली नई ताकत, उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने जूडो खिलाड़ी रंजीता की मदद का दिया भरोसा

‘सार्थक अभियान’ को मिली नई ताकत, उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने जूडो खिलाड़ी रंजीता की मदद का दिया भरोसा

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। रायपुर में बच्चों के भविष्य को संवारने की दिशा में चल रहे ‘सार्थक अभियान’ को नई मजबूती मिली है। छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ वर्णिका शर्मा ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव से मुलाकात कर बाल गृह कोंडागांव की पूर्व छात्रा रंजीता कुरैठी के लिए सहयोग का आग्रह किया।

डॉ शर्मा ने बताया कि रंजीता ने जूडो में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीते हैं और भारतीय टीम का हिस्सा रह चुकी हैं। उन्होंने रंजीता को उन्नत प्रशिक्षण के लिए जापान भेजने और पोषण सहायता उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई।

इस पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने तुरंत संवेदनशीलता दिखाते हुए वीडियो कॉल के जरिए रंजीता से बातचीत की और खेल विभाग के अधिकारियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि खिलाड़ी के प्रशिक्षण और जरूरतों का पूरा ध्यान रखा जाएगा।

डॉ वर्णिका शर्मा ने बताया कि ‘सार्थक अभियान’ के तहत 18 वर्ष की आयु के बाद बाल देखरेख संस्थाओं से बाहर निकलने वाले बच्चों के भविष्य निर्माण के लिए आयोग लगातार प्रयास कर रहा है, और रंजीता की मदद उसी दिशा में एक अहम कदम है।

इस दौरान बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई, जिसमें खेल मैदानों की सुरक्षा, आवारा कुत्तों से बचाव और शहरी क्षेत्रों में खुले गड्ढों की घेराबंदी जैसे विषय शामिल रहे। उपमुख्यमंत्री ने इन सभी मुद्दों को आगामी विभागीय बैठक में शामिल कर ठोस कार्रवाई का भरोसा दिलाया। आयोग की ओर से इस संवेदनशील पहल के लिए उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया गया।


Related Articles