कवर्धा में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई: 7 खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे, होटल से चिकन ग्रेवी भी शामिल

कवर्धा में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई: 7 खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे, होटल से चिकन ग्रेवी भी शामिल

Chhattisgarh Kawardha News: कवर्धा। खाद्य एवं औषधि प्रशासन छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार जिला कबीरधाम में खाद्य सुरक्षा विभाग ने विभिन्न प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए खाद्य एवं पेय पदार्थों के नमूने संग्रहित किए हैं। शिकायत मिलने और गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए यह विशेष अभियान चलाया गया।

15 अप्रैल 2026 को विभाग की टीम ने सुमित बाजार, लोहरा रोड से पैक्ड जैन चना पापड़, लूसा गेहूं आटा और पैक्ड शुभ बेसन के तीन विधिक नमूने लिए। इसके साथ ही दो कार्बोनेटेड वाटर और दो फ्लेवर्ड सॉफ्ट ड्रिंक के चार निगरानी नमूने भी लिए गए। इस तरह कुल सात खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे गए।

इसके अलावा वाटरली पानी प्लांट से पैक्ड पानी का एक नमूना भी लिया गया। वहीं, प्राप्त शिकायत के आधार पर 16 अप्रैल को बस स्टैंड स्थित एक होटल से चिकन ग्रेवी का नमूना भी संग्रहित किया गया।

सभी नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए रायपुर स्थित राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला और अन्य अधिकृत प्रयोगशालाओं में भेजा गया है। यह कार्रवाई अभिहित अधिकारी मुकेश कुमार साहू के मार्गदर्शन में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी साधना चंद्राकर और खाद्य सुरक्षा अधिकारी फणीभूषण जायसवाल की टीम द्वारा की गई।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों और निर्माताओं के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने व्यापारियों को साफ निर्देश दिए हैं कि वे केवल मानक स्तर के खाद्य पदार्थों का विक्रय करें, स्वच्छता बनाए रखें और बिना लाइसेंस या पंजीयन के व्यवसाय न करें। विभाग का यह जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।


Related Articles