कवर्धा में युवक का हाई वोल्टेज ड्रामा: FIR की मांग को लेकर मोबाइल टॉवर पर चढ़ा, पुलिस ने संभाला मोर्चा

कवर्धा में युवक का हाई वोल्टेज ड्रामा: FIR की मांग को लेकर मोबाइल टॉवर पर चढ़ा, पुलिस ने संभाला मोर्चा

CG Kawardha News: कवर्धा। जिले में उस समय हड़कंप मच गया जब मनीष चंद्राकर नामक युवक FIR दर्ज करने की मांग को लेकर मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया और जमकर प्रदर्शन करने लगा। युवक को टॉवर पर चढ़ा देख आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। मौके पर पहुंचे डीएसपी आशीष शुक्ला ने बताया कि युवक को समझाने का प्रयास किया जा रहा है और स्थिति नियंत्रण में है।

जानकारी के अनुसार, युवक का आरोप है कि पुलिस ने मारपीट के मामले में एकपक्षीय कार्रवाई की है। उसका कहना है कि उसकी शिकायत के बावजूद अब तक FIR दर्ज नहीं की गई, जिससे नाराज होकर उसने यह कदम उठाया।

बताया जा रहा है कि होली के दिन मनीष चंद्राकर और उसके साथियों का खड़सरा निवासी कोटवार के बेटे के साथ विवाद हुआ था, जो बाद में मारपीट में बदल गया। इस घटना में कोटवार का बेटा घायल हो गया था। शिकायत मिलने पर दशरंगपुर पुलिस ने मनीष और उसके दो साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

जमानत पर रिहा होने के बाद मनीष ने भी दूसरे पक्ष के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए वह पुलिस चौकी के पास स्थित मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया और विरोध जताने लगा।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास जारी हैं। प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि मामले की विधिसम्मत जांच की जाएगी और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पूरी सतर्कता बरती जा रही है।


Related Articles