CG News: किसान विरोधी नीतियों से अन्नदाता परेशान, कांग्रेस नेता महेंद्र यादव का भाजपा सरकार पर हमला

CG News: किसान विरोधी नीतियों से अन्नदाता परेशान, कांग्रेस नेता महेंद्र यादव का भाजपा सरकार पर हमला

Chhattisgarh Latest News: राजनांदगांव: महेंद्र यादव ने भाजपा सरकार पर किसान विरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाया है। जिला पंचायत सदस्य एवं जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के महामंत्री यादव ने कहा कि विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली राज्य सरकार के फैसलों से किसानों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।

जारी प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने आरोप लगाया कि सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को मिलने वाले कृषि ऋण में लगातार कटौती की जा रही है। उनके अनुसार, पहले किसानों को 30 हजार रुपये प्रति एकड़ तक ऋण मिलता था, जिसे घटाकर पहले 22 हजार और अब खरीफ सीजन में मात्र 14 हजार रुपये प्रति एकड़ कर दिया गया है।

यादव ने कहा कि खाद संकट के दौरान किसानों को दोगुनी कीमत पर खाद खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ा। साथ ही धान खरीदी के समय अनावश्यक जांच के नाम पर किसानों को परेशान किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि न तो समय पर खाद उपलब्ध हो रही है और न ही किसानों को भुगतान समय पर मिल पा रहा है।

उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय राजीव गांधी किसान न्याय योजना, कर्ज माफी, समर्थन मूल्य में वृद्धि और समय पर भुगतान जैसी योजनाओं से किसानों को राहत मिली थी।

अंत में उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द ही इन निर्णयों को वापस लेकर किसानों को राहत नहीं देती है, तो कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होगी।


Related Articles