रायपुर में नारी शक्ति वंदन महासम्मेलन: CM विष्णुदेव साय बोले- महिलाओं को मिलेगा निर्णय प्रक्रिया में मजबूत स्थान

रायपुर में नारी शक्ति वंदन महासम्मेलन: CM विष्णुदेव साय बोले- महिलाओं को मिलेगा निर्णय प्रक्रिया में मजबूत स्थान

Nari Shakti Vandan Mahasammelam: रायपुर। राजधानी रायपुर के दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित नारी शक्ति वंदन महासम्मेलन में विष्णुदेव साय शामिल हुए। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने रैली निकालकर कार्यक्रम में अपनी सक्रिय भागीदारी और समर्थन दर्ज कराया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ 21वीं सदी का एक ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण निर्णय है, जो महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह साहसिक कदम संभव हो पाया है, जिससे महिलाओं को अब नीति निर्माण और निर्णय प्रक्रिया में प्रभावी भागीदारी मिलेगी।

उन्होंने कहा कि लंबे समय से महिलाओं को आरक्षण देने की मांग की जा रही थी, लेकिन अब इस दिशा में ठोस पहल हुई है, जिससे देश की आधी आबादी को नई शक्ति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने भारतीय संस्कृति का उल्लेख करते हुए कहा कि सनातन परंपरा में नारी को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की योजनाएं—बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, सुकन्या समृद्धि योजना और महतारी वंदन योजना—महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभा रही हैं।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में ‘महतारी गौरव वर्ष’ मनाया जा रहा है और महतारी वंदन योजना के तहत करीब 70 लाख महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता मिल रही है, जिससे वे शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं।

कार्यक्रम में लक्ष्मी राजवाड़े और सरोज पाण्डेय सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि 33 प्रतिशत आरक्षण लागू होने से लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं की भागीदारी और सशक्त होगी। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने उपस्थित महिलाओं का सम्मान करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।


Related Articles