नारी शक्ति का दमदार प्रदर्शन: 33% आरक्षण के समर्थन में रायपुर में महिला मोर्चा की भव्य बाइक रैली, विधायक अनुज शर्मा ने दिखाई हरी झंडी

नारी शक्ति का दमदार प्रदर्शन: 33% आरक्षण के समर्थन में रायपुर में महिला मोर्चा की भव्य बाइक रैली, विधायक अनुज शर्मा ने दिखाई हरी झंडी

Women’s Wing Bike Rally in Raipur: रायपुर। केंद्र सरकार के ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के तहत महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के ऐतिहासिक निर्णय का जश्न आज रायपुर की सड़कों पर जोश और उत्साह के साथ मनाया गया। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा आयोजित भव्य बाइक रैली में सैकड़ों महिला कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर नारी शक्ति का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

रैली की शुरुआत पुराने विधानसभा चौक से हुई, जहां धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने भगवा और तिरंगा ध्वज दिखाकर इसे रवाना किया। ‘भारत माता की जय’ और ‘नारी शक्ति वंदन’ के नारों से गूंजती यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जिसका जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।

इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि अब महिलाएं सिर्फ चर्चा का विषय नहीं रहेंगी, बल्कि संसद और विधानसभाओं में नीति निर्धारण की भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम महिलाओं के स्वाभिमान और सशक्तिकरण का प्रतीक है।

उन्होंने छत्तीसगढ़ की ‘दाई-बहिनी’ परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि जो महिलाएं परिवार और समाज का नेतृत्व करती हैं, वे अब देश की बागडोर भी संभालेंगी। उन्होंने बदलते भारत की तस्वीर पेश करते हुए कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और अब राजनीति में भी उनका योगदान और प्रभाव बढ़ेगा।

महिला मोर्चा के पदाधिकारियों ने इस निर्णय को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि पंचायतों और नगरीय निकायों में अपनी क्षमता साबित करने के बाद अब महिलाएं लोकसभा और विधानसभाओं में भी परिवर्तन की अगुवाई करेंगी।

रैली के दौरान तिरंगा थामे बुलेट और स्कूटी पर सवार महिलाओं का आत्मविश्वास देखते ही बन रहा था। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं के उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य और उनके सम्मान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।


Related Articles