Chhattisgarh Latest News: रायपुर। अंबेडरकर जयंती के अवसर पर स्टेट वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन छत्तीसगढ़ द्वारा, जो भारतीय पत्रकार संघ (आईजेयू) से संबद्ध है, संविधान, लोकतंत्र और पत्रकारिता विषय पर व्याख्यानमाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने भारतीय संविधान की प्रासंगिकता, लोकतंत्र की वर्तमान स्थिति और पत्रकारिता की जिम्मेदारी पर विस्तार से अपने विचार रखे।
संविधान विषय पर वक्ता एसके पासवान ने कहा कि भारतीय संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता और अधिकारों की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि हर नागरिक को संविधान की मूल भावना को समझना और उसे अपने जीवन में अपनाना जरूरी है, तभी लोकतंत्र सशक्त बन सकेगा।
लोकतंत्र विषय पर अपने विचार रखते हुए पूर्व आईएएस अधिकारी डॉ. सुशील त्रिवेदी ने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि यह निरंतर जागरूकता, जवाबदेही और जनभागीदारी की प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती और पारदर्शिता बनाए रखना बड़ी चुनौती है, जिसमें मीडिया की भूमिका बेहद अहम है।
ग्रामीण पत्रकारिता पर बोलते हुए मंजीत कौर ने कहा कि ग्रामीण अंचलों में पत्रकारिता लोकतंत्र और संविधान की वास्तविक स्थिति को सामने लाने का प्रभावी माध्यम है। गांवों की समस्याओं और हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज को मुख्यधारा तक पहुंचाना पत्रकारों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों पर प्रकाश डालते हुए डॉ. नंदन ने कहा कि बाबा साहेब का सपना एक समतामूलक समाज का था, जहां हर व्यक्ति को समान अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में उनके विचार और भी अधिक प्रासंगिक हो गए हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत नन्ही अरुणिमा शर्मा के मधुर गीत से हुई, जिसने पूरे वातावरण को भावपूर्ण बना दिया। आयोजन के दौरान संगठन के पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई, जिसमें शुभम वर्मा ने कोषाध्यक्ष पद की शपथ ली।
कार्यक्रम संगठन के संरक्षक दिवाकर मुक्तिबोध की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। इस अवसर पर दिलीप कुमार साहू (राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य, आईजेयू), विनीता मंडल, प्रदेश अध्यक्ष पी.सी. रथ, उपाध्यक्ष अजीत कुमार शर्मा, रेणु तिवारी “नंदी”, कृष्णा गोस्वामी, कोषाध्यक्ष शुभम वर्मा, उपकोषाध्यक्ष सैयद सलमा, संयुक्त सचिव रूमा सेन गुप्ता, संतोष राजपूत, प्रदेश मीडिया प्रभारी जयदास मानिकपुरी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य वीरेंद्र कुमार शर्मा, घनश्याम गुप्ता, शिवशंकर पांडे, जितेंद्र साहू, हरिमोहन तिवारी, संस्कार तम्बोली सहित जिला पदाधिकारियों में अमित बाघ, लविंदर पाल सिंघोत्रा, सुधीर वर्मा और अन्य सदस्य मौजूद रहे।

