अमलेश्वर (कुम्हारी)। नगर पालिका परिषद अमलेश्वर के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से 13 अप्रैल को भव्य भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। सांसद विजय बघेल की पहल और उप मुख्यमंत्री व नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव की स्वीकृति से लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों की आधारशिला रखी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल ने वार्डों में प्रस्तावित विकास कार्यों का भूमिपूजन करते हुए कहा कि विकास ही अमलेश्वर की असली संस्कृति और पहचान है। उन्होंने कहा कि राजधानी रायपुर के समीप स्थित अमलेश्वर एक महत्वपूर्ण निकाय है, जिसे भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से विकसित किया जा रहा है।
सांसद बघेल ने कहा कि जनभावना के अनुरूप मूलभूत सुविधाएं, सुगम आवागमन, स्वच्छता, बेहतर जल निकासी और पेयजल व्यवस्था को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा। उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष दयानंद सोनकर और उनकी परिषद द्वारा प्रस्तुत विकास प्रस्तावों की सराहना भी की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सभापति नीलम राजेश चंद्राकर ने कहा कि अमलेश्वर अब व्यापारिक और शैक्षणिक केंद्र के रूप में उभर रहा है, जिससे आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को भी सीधा लाभ मिल रहा है। भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने निर्माण कार्यों के साथ प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पालिका प्रशासन की सराहना की। वहीं भाजपा मंडल अध्यक्ष कमलेश चंद्राकर ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार की नीतियों के कारण एक साथ 3 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की शुरुआत होना क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद अमलेश्वर के अध्यक्ष दयानंद सोनकर, नगर पालिका कुम्हारी की अध्यक्ष मीना वर्मा, पार्षद एवं पीडब्ल्यूडी प्रभारी डॉ. आलोक पाल, जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष कीर्ति नायक सहित पीआईसी सदस्य, भाजपा के वरिष्ठ नेता, पार्षदगण तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती प्रीति गुप्ता ने आभार व्यक्त किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन मोहित शर्मा ने किया। आयोजन को सफल बनाने में उप अभियंता प्रवीण कुमार साहू, ढालेंद्र ठाकुर, अतीक अजीम सहित नगर पालिका के कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

