बिलासपुर। पुलिस यूनिफॉर्म में रील बनाना आरक्षक के लिए महंगा साबित हुआ। बिलासपुर के आरक्षक देवानंद कैवर्त ने पुलिस यूनिफॉर्म में रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जो वायरल होते ही विवाद का कारण बन गया। इसे यूनिफॉर्म के दुरुपयोग और अशोभनीय आचरण माना गया।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया। एसएसपी रजनेश सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल आदेश जारी किया और आरक्षक देवानंद कैवर्त को मस्तूरी थाने से हटाकर रक्षित केंद्र, बिलासपुर में लाइन अटैच कर दिया।

पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया कि यूनिफॉर्म का अनुचित प्रयोग या अशोभनीय व्यवहार कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है और विभाग ने सोशल मीडिया पर इस प्रकार की गतिविधियों पर सख्त नजर रखने का भी संकेत दिया।

