Durg Pizza Shop Dispute दुर्ग। शहर के सुपेला थाना क्षेत्र स्थित नेहरू नगर के एक पिज्जा आउटलेट में ऑर्डर मिलने में देरी को लेकर ग्राहक ने जमकर हंगामा कर दिया। गुस्से में ग्राहक ने कर्मचारियों से गाली-गलौज की और काउंटर पर लगे ऑर्डर मॉनिटर को तोड़ दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार घटना 5 मार्च की रात करीब 9:15 बजे की है। उस समय डोमिनोज पिज्जा आउटलेट में क्लस्टर मैनेजर ढाकेश्वर कुमार (38) ड्यूटी पर मौजूद थे। इसी दौरान नरेंद्र मानिकपुरी नाम का ग्राहक आउटलेट पहुंचा और पिज्जा का ऑर्डर दिया। कुछ समय तक इंतजार करने के बाद जब ऑर्डर मिलने में देरी हुई तो वह काउंटर पर पहुंचकर कर्मचारियों से विवाद करने लगा।
बताया जा रहा है कि ग्राहक ने पहले कर्मचारी जया साहू और शिवचरण से बहस शुरू की। विवाद बढ़ने पर उसने अपना ऑर्डर कैंसिल कर दिया और पैसे वापस मांगने लगा। इस पर कर्मचारी शिवचरण ने उसे बताया कि ऑर्डर की राशि 48 घंटे के भीतर ऑनलाइन रिफंड हो जाएगी। यह सुनकर ग्राहक और अधिक नाराज हो गया और तुरंत कैश में पैसे लौटाने की मांग करने लगा।
इसी बात को लेकर ग्राहक ने दुकान में जोर-जोर से गाली-गलौज शुरू कर दी और कर्मचारियों को अपशब्द कहने लगा। गुस्से में उसने काउंटर पर रखे ऑर्डर लेने वाले कंप्यूटर मॉनिटर पर मुक्का मार दिया, जिससे मॉनिटर क्षतिग्रस्त हो गया। इसके अलावा उसने आउटलेट में तोड़फोड़ करते हुए कर्मचारियों को देख लेने की धमकी भी दी और वहां से फरार हो गया।
घटना के समय दुकान में मौजूद कर्मचारी जया साहू, शिवचरण, असलम अंसारी और जसमीत सिंह ने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। कर्मचारियों ने बताया कि ग्राहक लगातार गाली-गलौज कर रहा था और मारपीट की कोशिश भी की, जिससे दुकान का माहौल खराब हो गया।
इस मामले में सुपेला थाना पुलिस ने बताया कि क्लस्टर मैनेजर ढाकेश्वर कुमार की शिकायत पर आरोपी नरेंद्र मानिकपुरी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। मामले की जांच जारी है।

