Chandra Grahan 2026: रायपुर में शाम 6:20 बजे दिखा आंशिक चंद्रग्रहण, पश्चिमी छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में नहीं हुआ दर्शन

Chandra Grahan 2026: रायपुर में शाम 6:20 बजे दिखा आंशिक चंद्रग्रहण, पश्चिमी छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में नहीं हुआ दर्शन

रायपुर। भारत के ज्यादातर हिस्सों में मंगलवार को चंद्रग्रहण दिखाई दिया। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शाम 6 बजकर 20 मिनट पर आंशिक चंद्रग्रहण देखा गया, जबकि प्रदेश के कुछ पश्चिमी इलाकों में यह नजर नहीं आया। रायपुर में चंद्रोदय के समय तक ग्रहण का अधिकांश चरण समाप्त हो चुका था, जिसके कारण यहां केवल अंतिम आंशिक प्रभाव ही दिखाई दिया।

India Meteorological Department (आईएमडी) की रिपोर्ट के अनुसार, भारत में ग्रहण की शुरुआत दोपहर 3 बजकर 20 मिनट (IST) पर हुई और इसका समापन शाम 6 बजकर 48 मिनट पर हुआ। रायपुर के विधानसभा क्षेत्र में ग्रहण की तस्वीरें भी ली गईं, जो कुछ मिनटों के अंतराल में कैद की गईं।

खगोल विज्ञान के अनुसार, चंद्रग्रहण पूर्णिमा के दिन तब लगता है जब सूर्य, पृथ्वी और चंद्रमा एक सीध में आ जाते हैं। पृथ्वी, सूर्य और चंद्रमा के बीच आकर अपनी छाया चंद्रमा पर डालती है। जब चंद्रमा पूरी तरह पृथ्वी की गहरी छाया (उम्ब्रा) में आ जाता है तो उसे पूर्ण चंद्रग्रहण कहा जाता है, जबकि केवल एक हिस्सा छाया में आने पर वह आंशिक चंद्रग्रहण कहलाता है।

इस बार ग्रहण का मैग्निट्यूड 1.155 दर्ज किया गया, जिसका अर्थ है कि चंद्रमा का पूरा भाग पृथ्वी की गहरी छाया में गया और उसका लगभग 15.5 प्रतिशत अतिरिक्त हिस्सा भी छाया के भीतर रहा। इस आधार पर यह पूर्ण चंद्रग्रहण की श्रेणी में आता है। हालांकि रायपुर में पूर्ण चरण दिखाई नहीं देने के कारण यहां ‘ब्लड मून’ जैसा लाल रंग का प्रभाव नजर नहीं आया।

भारत में इससे पहले 7-8 सितंबर 2025 को पूर्ण चंद्रग्रहण देखा गया था। अब अगला चंद्रग्रहण 6 जुलाई 2028 को दिखाई देगा, जो आंशिक होगा।


Related Articles