महाशिवरात्रि पर कोरबा में 18 फीट शिव प्रतिमा का अनावरण, मंत्री लखन लाल देवांगन ने की पूजा-अर्चना और कई विकास कार्यों की घोषणाएं

महाशिवरात्रि पर कोरबा में 18 फीट शिव प्रतिमा का अनावरण, मंत्री लखन लाल देवांगन ने की पूजा-अर्चना और कई विकास कार्यों की घोषणाएं

Korba Mahashivratri News : महाशिवरात्रि के अवसर पर छत्तीसगढ़ के उद्योग मंत्री एवं कोरबा नगर विधायक लखन लाल देवांगन ने कोरबा शहर के विभिन्न शिवालयों में आयोजित धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की तथा विभिन्न विकास कार्यों की घोषणाएं भी कीं।

जेसीआई कोरबा द्वारा मोतीसागर बस्ती स्थित मुक्तिधाम परिसर में भगवान शंकर की 18 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की गई, जिसका विधिवत पूजा-अर्चना के साथ अनावरण मंत्री देवांगन ने किया। इस अवसर पर उन्होंने जेसीआई कोरबा के सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके महापौर कार्यकाल में मुक्तिधाम का कायाकल्प किया गया था और वर्तमान में इसका बेहतर रखरखाव एवं संचालन किया जा रहा है।

मंत्री देवांगन मानिकपुर में आयोजित भगवान शंकर की प्राण प्रतिष्ठा में शामिल हुए और मंदिर के समीप सामुदायिक भवन निर्माण हेतु 15 लाख रुपये की घोषणा की। नेहरू नगर कुआं भट्ट स्थित शिव मंदिर परिसर में महिला समिति द्वारा आयोजित रुद्राभिषेक में सम्मिलित होकर किचन शेड निर्माण के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसी प्रकार बालको नगर के परसाभाटा बिहीबड़ी क्षेत्र में नवनिर्मित शंकर मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा में भाग लेते हुए मंदिर परिसर में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की घोषणा की।

कोरबा नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत गौरी शंकर मंदिर के समीप 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन का फीता काटकर लोकार्पण भी मंत्री देवांगन ने किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों की उपस्थिति रही तथा लोगों ने मंत्री का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

Read More : महाशिवरात्रि पर झींगरामाडा में उमड़ा आस्था का सैलाब, रहस्यमयी गुफा और बरगद की जड़ बनी विशेष आकर्षण का केंद्र


Related Articles