युवा शक्ति से नशा मुक्त समाज का संकल्प, फ़ास्टरपुर महाविद्यालय की NSS महिला इकाई का सात दिवसीय शिविर संपन्न

युवा शक्ति से नशा मुक्त समाज का संकल्प, फ़ास्टरपुर महाविद्यालय की NSS महिला इकाई का सात दिवसीय शिविर संपन्न

मुंगेली। शासकीय नवीन महाविद्यालय, फ़ास्टरपुर, जिला मुंगेली की राष्ट्रीय सेवा योजना (महिला इकाई) द्वारा आयोजित सात दिवसीय वार्षिक विशेष शिविर का भव्य समापन ग्राम पंचायत बीजातराई में संपन्न हुआ। यह शिविर कार्यक्रम अधिकारी ज्योति डहरिया के नेतृत्व में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया, जिसमें छात्राओं ने समाजसेवा से जुड़े विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाई।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत बीजातराई के सरपंच डॉ. राजीव ठाकुर रहे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में अमन डहरिया (उपसरपंच एवं सरपंच प्रतिनिधि, ग्राम पंचायत मनकी), रूपेश गबेल (उपसरपंच प्रतिनिधि, बीजातराई), रेखा देवांगन (व्याख्याता), स्मिता कौशल (व्याख्याता) तथा शासकीय हाई स्कूल बीजातराई के शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. के. के. मिश्रा ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इस सात दिवसीय शिविर का मुख्य विषय “नशा मुक्त समाज के लिए युवा” रखा गया था, जिसके अंतर्गत स्वयंसेवक छात्राओं ने ग्रामीणों को नशा उन्मूलन, स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता के प्रति प्रेरित किया।

शिविर के दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयंसेवक छात्राओं द्वारा ग्राम पंचायत बीजातराई में 6/11 चबूतरे का निर्माण किया गया, जिसे ग्रामीणों द्वारा सराहा गया। समापन अवसर पर सभी स्वयंसेवक छात्राओं को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि सरपंच डॉ. राजीव ठाकुर ने अपने संबोधन में छात्राओं से देश सेवा में सक्रिय भूमिका निभाने तथा समाज को स्वच्छ और नशामुक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। वहीं विशिष्ट अतिथि ने स्वयंसेवकों से वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान सुनिश्चित करने की अपील की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. के. के. मिश्रा ने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्य, महत्व और सामाजिक भूमिका पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को सेवा भाव, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक अमित कुमार सिंह, योगेंद्र कुमार साहू, अपनीत तिर्की, संजय बिंझवार, श्रीमती दीपिका जायसवाल सहित राष्ट्रीय सेवा योजना की समस्त स्वयंसेवक छात्राएँ बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।

Read More : रायपुर में अवैध शराब तस्करी का भंडाफोड़, पुलिस ने 56 पौवा शराब के साथ आरोपी को किया गिरफ्तार


Related Articles