रायपुर। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा अवैध शराब की तस्करी और बिक्री के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले के निर्देश पर वेस्ट जोन पुलिस ने एक आरोपी को अवैध शराब के परिवहन और बिक्री के आरोप में गिरफ्तार किया है।
दिनांक 3 फरवरी 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि जोरापारा तालाब के पास एक व्यक्ति बोरी में शराब रखकर बिक्री के उद्देश्य से मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप पटेल ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा एवं सहायक पुलिस आयुक्त देवांश सिंह राठौर के मार्गदर्शन में थाना डी डी नगर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
पुलिस टीम ने मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के व्यक्ति को चिन्हांकित कर पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बुडूराम मानिकपूरी उर्फ मोहन पिता स्वर्गीय राजेंद्र मानिकपूरी, उम्र 55 वर्ष, निवासी जोरापारा, रायपुर बताया। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद बोरी से अवैध रूप से रखी गई देशी शराब बरामद की गई।
आरोपी के पास से कुल 42 पौवा देशी शराब एवं बिक्री की नगद राशि लगभग 300 रुपये जब्त की गई। शराब रखने और बिक्री के संबंध में वैध दस्तावेज मांगने पर आरोपी कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर थाना डी डी नगर में अपराध क्रमांक 81/26 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Read More : रायपुर में अवैध शराब तस्करी का भंडाफोड़, पुलिस ने 56 पौवा शराब के साथ आरोपी को किया गिरफ्तार

