पाटन/सांकरा। राष्ट्रीय महिला चिकित्सक दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत सांकरा में स्वास्थ्य और सेवा को समर्पित विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व युवा सरपंच रवि सिंगौर ने किया, जिसमें चिकित्सकों के सम्मान के साथ ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुरक्षा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।
कार्यक्रम के दौरान सरपंच रवि सिंगौर ने महिला चिकित्सकों सहित समस्त चिकित्सा स्टाफ को राष्ट्रीय महिला चिकित्सक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके निस्वार्थ सेवा भाव की सराहना की। उन्होंने कहा कि चिकित्सक समाज की रीढ़ होते हैं, जो हर परिस्थिति में जनसेवा के लिए तत्पर रहते हैं।
इस अवसर पर पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्डों का वितरण किया गया, जिससे ग्रामीणों को निःशुल्क एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके। साथ ही ग्रामीणों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी देकर उनके प्रति जागरूक किया गया।
सरपंच रवि सिंगौर ने अपने संबोधन में कहा कि गांव के प्रत्येक नागरिक को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करना पंचायत की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि आयुष्मान योजना से जरूरतमंद परिवारों को इलाज के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और ग्रामीणों का जीवन स्तर बेहतर होगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि एवं स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कर्मचारी उपस्थित रहे।

