जमराव। ग्राम जमराव में आज भक्त शिरोमणि गुहा निषाद राज जयंती का पर्व पूरे श्रद्धा, उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर निषाद समाज के तत्वावधान में एक विशाल कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आयोजन को भव्य रूप प्रदान किया।
जयंती कार्यक्रम की शुरुआत धार्मिक विधि-विधान के साथ की गई। सत्यनारायण भगवान की पूजा-अर्चना संपन्न हुई, जिसके बाद गांव का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने भक्त शिरोमणि गुहा निषाद राज के आदर्शों, त्याग और सामाजिक समरसता के संदेश को स्मरण किया।
जयंती समारोह एवं मड़ई मिलन कार्यक्रम में प्रदेश के प्रमुख राजनीतिक नेताओं की उपस्थिति भी प्रस्तावित है। दोपहर सत्र में दुर्ग सांसद विजय बघेल मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल होकर समाज को संबोधित करेंगे। वहीं शाम के सत्र में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मड़ई मिलन समारोह में शिरकत करेंगे।
शाम को आयोजित होने वाले मड़ई मिलन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति के साथ सामाजिक एकजुटता और परंपराओं का प्रदर्शन किया जाएगा। आयोजन को लेकर ग्रामीणों एवं समाजजनों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
Read More : “बेटा बचाओ, बेटा पढ़ाओ” पर जोर, दुर्ग सांसद विजय बघेल ने प्रधानमंत्री मोदी से आग्रह करने की कही बात

