रायपुर | धरसींवा विधानसभा के खरोरा नगर पंचायत में खेल इतिहास का एक नया अध्याय जुड़ गया। JSF क्लब द्वारा आयोजित अखिल भारतीय फुटबॉल चैम्पियनशिप का भव्य समापन रविवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की गरिमामय उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मंत्री टंकराम वर्मा भी विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक अनुज शर्मा ने मुख्यमंत्री और मंत्री का आत्मीय स्वागत किया।
इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देशभर से 16 टीमों ने भाग लिया और अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। चैम्पियनशिप का फाइनल मुकाबला नारायणपुर (छत्तीसगढ़) और केरल की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें नारायणपुर की टीम ने शानदार जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। सीएम साय ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और खेल भावना को आगे बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन, टीमवर्क और नेतृत्व की भावना विकसित करते हैं। खरोरा जैसे उभरते नगर में इस स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन यह दर्शाता है कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। राज्य सरकार ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री ने स्थानीय विधायक अनुज शर्मा की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अल्प समय में ही क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाया और विकास को नई दिशा दी है। उन्होंने कहा, “अनुज शर्मा केवल जनप्रतिनिधि नहीं, बल्कि क्षेत्र की प्रगति के सारथी हैं। खेल और युवाओं के प्रति उनकी संवेदनशीलता का ही परिणाम है कि खरोरा में राष्ट्रीय स्तर का आयोजन सफलतापूर्वक हो सका।”
इस दौरान विधायक अनुज शर्मा द्वारा क्षेत्र के विकास से जुड़ी मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री ने मंच से कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें अटल चौक से दीनदयाल चौक तक गौरव पथ निर्माण, नायकताड़ से केशला तक बाईपास रोड निर्माण और समोदा बैराज परियोजना को शीघ्र पूर्ण करने की घोषणा शामिल है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि खरोरा नगर में अधोसंरचना, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए बजट की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
Read More : रायपुर में 9 साल की मासूम से दुष्कर्म, चॉकलेट का लालच देकर 5 दिन तक हैवानियत, हिरासत में आरोपी अब्दुल

