‘सरदार@150 एकता मार्च’ अभियान के लिए दिल्ली में कार्यशाला, छत्तीसगढ़ से भाजपा मंत्री जितेन्द्र वर्मा ने लिया हिस्सा

‘सरदार@150 एकता मार्च’ अभियान के लिए दिल्ली में कार्यशाला, छत्तीसगढ़ से भाजपा मंत्री जितेन्द्र वर्मा ने लिया हिस्सा

दुर्ग, 03 अक्टूबर 2025। भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में नई दिल्ली स्थित भाजपा राष्ट्रीय कार्यालय में ‘सरदार@150 एकता मार्च’ अभियान के तहत कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस राष्ट्रीय कार्यशाला में छत्तीसगढ़ से भेजी गई पांच सदस्यीय समिति में शामिल भाजपा प्रदेश मंत्री जितेन्द्र वर्मा ने हिस्सा लिया और विभिन्न विषयगत चर्चाओं में सक्रिय रूप से सहभागिता की।

भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने दी दिशा और कार्ययोजना

कार्यशाला में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा, केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, और राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने देशभर से आए पदाधिकारियों को मार्गदर्शन प्रदान किया।

नेताओं ने बताया कि ‘एकता मार्च’ अभियान का उद्देश्य युवाओं में एकता, अनुशासन और देशभक्ति की भावना को सशक्त बनाना है। साथ ही, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में युवाओं को सक्रिय भूमिका निभाने हेतु प्रेरित किया जाएगा।

Read More : भिलाई में नाले में मिला नवजात का शव, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, अस्पतालों से भी निकाली जा रही जानकारी

सरदार पटेल के “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के सपने को साकार करने की दिशा

भाजपा प्रदेश मंत्री जितेन्द्र वर्मा ने कहा, “यह आयोजन सरदार पटेल के एक भारत, श्रेष्ठ भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में भाजपा के दृढ़ संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने सैकड़ों रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर भारत को वर्तमान स्वरूप दिया। आज उनकी जयंती पर राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश जन-जन तक पहुँचाना ही हमारा कर्तव्य है।”

छत्तीसगढ़ से पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने की सहभागिता

इस राष्ट्रीय कार्यशाला में छत्तीसगढ़ से अभियान के प्रदेश संयोजक और प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय (पूर्व विधायक), प्रदेश उपाध्यक्ष जी. वेंकटश्वर, प्रदेश मंत्री ऋतु चौरसिया, पूर्व जिला महामंत्री अम्बिकेश केसरी, और प्रदेश मंत्री जितेन्द्र वर्मा शामिल हुए।


Related Articles