दहीबड़ा खाने से 58 लोग बीमार, 27 बच्चे शामिल; जांच के लिए बनी 3 टीमें, मचा हड़कंप

दहीबड़ा खाने से 58 लोग बीमार, 27 बच्चे शामिल; जांच के लिए बनी 3 टीमें, मचा हड़कंप

जाजपुर। ओडिशा के जाजपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां दहीबड़ा खाने के बाद 58 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। इनमें 27 बच्चे भी शामिल हैं। सभी पीड़ितों को उल्टी और बुखार की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना दशरथपुर ब्लॉक के पातापुर गांव की है, जहां शुक्रवार को एक स्थानीय विक्रेता से दहीबड़ा खाने के बाद लोगों की तबीयत खराब होने लगी। पुलिस के अनुसार, सभी प्रभावितों को दशरथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जिला कलेक्टर अंबर कुमार ने बताया कि इलाज के बाद 21 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि बाकी का इलाज जारी है।

मामले की जानकारी मिलने पर राज्य के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मुकेश महालिंग भी अस्पताल पहुंचे और पीड़ितों का हालचाल जाना। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में दहीबड़ा सेवन को बीमारी का कारण माना जा रहा है। खाद्य पदार्थ और पानी के नमूने जांच के लिए भेज दिए गए हैं और मामले की जांच हेतु तीन टीमों का गठन किया गया है।

वहीं, भाजपा सांसद रबींद्र नारायण बेहरा ने बताया कि सभी मरीजों की हालत में सुधार हो रहा है और वे खतरे से बाहर हैं। उन्होंने यह भी कहा कि एक बुजुर्ग महिला की मृत्यु की सूचना मिली है, हालांकि उसकी मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है और मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

गौरतलब है कि गर्मी के मौसम में बाहर के खाद्य पदार्थों के सेवन से स्वास्थ्य संबंधी जोखिम बढ़ जाते हैं, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।


Related Articles