CG Balrampur News: फाउंडेशन के नाम पर 10 हजार की मांग का आरोप, यूट्यूबर दीपक यादव समेत 3 गिरफ्तार

CG Balrampur News: फाउंडेशन के नाम पर 10 हजार की मांग का आरोप, यूट्यूबर दीपक यादव समेत 3 गिरफ्तार

CG Balrampur News: बलरामपुर: शिक्षक को कथित तौर पर धमकाकर फाउंडेशन के नाम पर 10 हजार रुपये मांगने और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में थाना पस्ता पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने यूट्यूबर दीपक यादव सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, मामले में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की गई।

स्कूल पहुंचकर वीडियो बनाने और धमकी देने का आरोप

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना पस्ता क्षेत्र के शासकीय प्राथमिक शाला पुटसु में पदस्थ सहायक शिक्षक एवं प्रभारी प्रधान पाठक रुकमण बारीक ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि यूट्यूबर दीपक यादव और उसके सहयोगियों ने अपने फाउंडेशन के लिए 10 हजार रुपये की मांग की थी।

आरोप है कि 25 अगस्त 2026 को दोपहर करीब एक बजे श्रवण यादव और सूर्या यादव विद्यालय पहुंचे और बिना अनुमति वीडियो बनाने लगे। इस दौरान शिक्षक के साथ अभद्र व्यवहार करने तथा रुपये नहीं देने पर वीडियो यूट्यूब और फेसबुक पर वायरल कर बदनाम करने एवं नौकरी से निलंबित करवाने की धमकी देने की बात शिकायत में कही गई है।

सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित करने का आरोप

शिकायतकर्ता के अनुसार, दीपक यादव ने अन्य आरोपियों के सहयोग से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किया। इससे शिक्षक की व्यक्तिगत एवं सामाजिक प्रतिष्ठा और विद्यालय की छवि प्रभावित होने की बात कही गई। शिकायत के आधार पर थाना पस्ता में अपराध क्रमांक 44/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 221, 351(2), 308(2), 356(3) एवं 3(5) के तहत विवेचना शुरू की गई।

जांच के बाद तीनों गिरफ्तार, हाईकोर्ट से भी नहीं मिली राहत

पुलिस के मुताबिक, विवेचना के दौरान शिकायतकर्ता और गवाहों के बयान दर्ज किए गए। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो और फोटो के स्क्रीनशॉट से संबंधित पेन ड्राइव जब्त की गई। शिक्षक की नियुक्ति एवं पदस्थापना से जुड़े दस्तावेज भी प्राप्त किए गए।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आरोपी दीपक यादव ने अग्रिम जमानत के लिए बिलासपुर उच्च न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत किया था, जिसे न्यायालय ने निरस्त कर दिया। इसके बाद 14 अक्टूबर 2026 को तीनों आरोपियों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। न्यायालय से गिरफ्तारी की अनुमति मिलने के बाद पुलिस ने उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

पुलिस की अपील- सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से करें इस्तेमाल

बलरामपुर पुलिस ने नागरिकों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा को प्रभावित करने वाली सामग्री प्रसारित करने से पहले तथ्यों की सत्यता सुनिश्चित करें। किसी भी प्रकार की धमकी या अवैध मांग किए जाने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाने में सूचना दें।


Related Articles