Chhattisgarh Ambikapur News: अंबिकापुर। सरगुजा जिले में खेत में जंगली सूअरों से फसल बचाने के लिए बिछाए गए करंट की चपेट में आने से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना लखनपुर थाना क्षेत्र के कुन्नी पुलिस चौकी अंतर्गत रेमहला और लवजी गांव के बीच स्थित झिलमिली जंगल के पास की बताई जा रही है। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान जुगेश्वर पिता शंकर पावले, उम्र 25 वर्ष, के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, खेत में फसल को जंगली सूअरों से बचाने के लिए करंट बिछाया गया था। इसी दौरान युवक उसकी चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। रात होने के कारण शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका, जिसके बाद उसे लखनपुर अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया गया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। खेत में करंट किसने और किन परिस्थितियों में बिछाया था, इसकी जानकारी जांच के बाद सामने आएगी।

