Youth Congress Protest in Patan : नगर पंचायत पाटन में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब की गिरफ्तारी के विरोध में युवा कांग्रेस ने केंद्र में सत्तारूढ़ नरेंद्र मोदी सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और पुतला दहन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता और कांग्रेसजन एकत्रित हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
वक्ताओं ने कहा कि यह कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन है और विपक्ष की आवाज़ को दबाने का प्रयास है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुतला दहन कार्यक्रम में पाटन विधानसभा क्षेत्र के मंडल अध्यक्ष, सेक्टर प्रभारी, बूथ अध्यक्ष, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस सहित सभी कांग्रेसजन सक्रिय रूप से शामिल रहे।
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि युवा नेतृत्व पर इस प्रकार की दमनात्मक कार्रवाई बंद नहीं हुई, तो आने वाले समय में आंदोलन और उग्र रूप लेगा। उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष लगातार जारी रहेगा।

