Chhattisgarh Raigarh Crime News: रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शादी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक विवाहित युवक ने खुद को अविवाहित बताकर महिला को शादी का भरोसा दिया, उसे किराए के मकान में अपने साथ रखा और शारीरिक संबंध बनाए। बाद में जब महिला को आरोपी के पहले से शादीशुदा होने की जानकारी मिली और उसने शादी का वादा पूरा करने की बात कही, तो आरोपी ने उसे घर से निकाल दिया। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामला जूटमिल थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के मुताबिक, 31 वर्षीय पीड़िता ने शिकायत में बताया कि वर्ष 2018 में वह अपने पति से अलग होकर अपनी मां के साथ रह रही थी। इसी दौरान उसकी पहचान जूटमिल थाना क्षेत्र निवासी 31 वर्षीय महेंद्र पासवान से हुई। दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत शुरू हुई, जिसके बाद आरोपी ने महिला से शादी करने का वादा किया।
पीड़िता ने आरोपी को पहले ही बता दिया था कि उसकी शादी हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद महेंद्र ने विवाह का भरोसा देकर उसे किराए के मकान में अपने साथ रखा। आरोप है कि इसी दौरान उसने शादी का झांसा देकर महिला के साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
कुछ समय बाद महिला को पता चला कि महेंद्र पहले से विवाहित है। इस संबंध में पूछने पर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि 30 जून 2026 को महेंद्र ने महिला को अपने साथ रखने से इनकार कर दिया और घर से निकाल दिया। इसके बाद पीड़िता ने महिला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
महिला की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पीड़िता का बयान दर्ज किया गया और उसकी सहमति से चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी महेंद्र पासवान को उसके घर से हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद उसका भी चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

