Chhattisgarh Surajpur News: सूरजपुर: सूरजपुर पुलिस ने महिला अपहरण और फिरौती मांगने के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने अपहृत महिला को सुरक्षित बरामद कर लिया है।
घटना 29 अप्रैल की है, जब पीड़िता घर में अकेली थी। उसी दौरान अज्ञात आरोपियों ने उसका अपहरण कर लिया और पति को फोन कर 22 लाख रुपये की फिरौती की मांग की। इस संबंध में थाना सूरजपुर में मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान सामने आया कि मुख्य आरोपी रौशन देवांगन पहले पीड़िता के पति के यहां करीब 18 महीने तक ड्राइवर के रूप में काम कर चुका था। उसे यह जानकारी थी कि प्रार्थी एसईसीएल से रिटायर हुआ है और उसे बड़ी रकम मिली है। इसी लालच में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर अपहरण की साजिश रची।
आरोपियों ने महिला को घर से अगवा कर उसके हाथ-पैर बांध दिए और मुंह पर टेप लगाकर मोटरसाइकिल से डुमरिया इलाके में ले गए। वहां से उन्होंने पीड़िता के मोबाइल से पति को कॉल कर फिरौती मांगी और बाद में फोन बंद कर दिया।
पुलिस की सक्रियता और लगातार पेट्रोलिंग के चलते आरोपियों में डर पैदा हो गया, जिसके बाद उन्होंने महिला को घायल अवस्था में बाईपास रोड पर छोड़ दिया और सबूत मिटाने के लिए रस्सी, टेप और कंबल को जला दिया।
पीड़िता किसी तरह एक घर पहुंची और वहां से सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पीड़िता के बयान के आधार पर रौशन देवांगन को मानपुर से गिरफ्तार किया, जबकि दूसरा आरोपी शेख इशू को घेराबंदी कर केतका क्षेत्र से पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीड़िता का मोबाइल, घटना में प्रयुक्त वाहन और अन्य सामग्री जब्त की है। मामले में फरार तीसरे आरोपी की तलाश जारी है पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले में त्वरित कार्रवाई कर महिला को सुरक्षित बचा लिया गया, जो पुलिस की सतर्कता और सक्रियता का परिणाम है।

