Chhattisgarh Bhilai News: भिलाई: भिलाई में आयोजित ‘सांसद-सरपंच संवाद’ कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल ने सराहनीय योगदान देने वाले लोगों को ‘सांसद गौरव सम्मान’ से नवाजा। इसी कड़ी में पाटन के प्रसिद्ध वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर और पक्षी विशेषज्ञ राजू वर्मा को भी सम्मानित किया गया।
राजू वर्मा को यह सम्मान पर्यावरण संरक्षण, विशेषकर पक्षियों के संरक्षण और संवर्धन की दिशा में उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रदान किया गया। उनके कार्यों की सराहना करते हुए सांसद विजय बघेल ने उन्हें सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
वेटलैंड और प्रवासी पक्षियों के संरक्षण में योगदान
राजू वर्मा लंबे समय से क्षेत्र में वेटलैंड्स (आर्द्रभूमि) और पक्षियों की सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चला रहे हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ आने वाली विभिन्न प्रजातियों के प्रवासी पक्षियों की शानदार फोटोग्राफी की है। इसके साथ ही पक्षियों के प्राकृतिक रहवास को सुरक्षित बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पर्यावरण और पक्षियों के संरक्षण के प्रति उनके समर्पण को देखते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
सांसद विजय बघेल ने किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान सांसद विजय बघेल ने राजू वर्मा को मंच पर ‘सांसद गौरव सम्मान’ प्रदान किया। इस उपलब्धि पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।
कार्यक्रम में ये जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला पंचायत सभापति नीलम चंद्राकार, जनपद अध्यक्ष कीर्ति नायक, उपाध्यक्ष कमलेश वर्मा, सांसद प्रतिनिधि राजा पाठक, राजेश चंद्राकार, सरपंच रवि सिंगौर, सरपंच अध्यक्ष विनय चंद्राकार, रूपेंद्र शुक्ला, नगर पंचायत अमलेश्वर अध्यक्ष दयानंद सोनकर और सरपंच झीट राजू साहू सहित बड़ी संख्या में सरपंच एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने राजू वर्मा की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया।

