Raipur News: जिला सहकारी बैंक ने दर्ज किया 216 करोड़ का सकल लाभ, CEO अपेक्षा व्यास के कार्यकाल में किसानों को 11,583 करोड़ का भुगतान

Raipur News: जिला सहकारी बैंक ने दर्ज किया 216 करोड़ का सकल लाभ, CEO अपेक्षा व्यास के कार्यकाल में किसानों को 11,583 करोड़ का भुगतान

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर: जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित, रायपुर ने वित्तीय सुदृढ़ता, किसान कल्याण और डिजिटल बैंकिंग के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। बैंक की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) अपेक्षा व्यास के कार्यकाल में बैंक ने कई वित्तीय उपलब्धियां हासिल की हैं। हाल ही में अपेक्षा व्यास का स्थानांतरण छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक मर्यादित, मुख्यालय नवा रायपुर में किया गया है। उनके कार्यकाल में बैंक द्वारा हासिल की गई उपलब्धियों की सहकारिता क्षेत्र में चर्चा हो रही है।

जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक रायपुर ने वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 में लगातार 216-216 करोड़ रुपये का सकल लाभ अर्जित किया है। 31 मार्च 2026 की स्थिति में बैंक की कार्यशील पूंजी 8,600 करोड़ रुपये से अधिक रही, जबकि कुल जमा अमानतें 6,971 करोड़ रुपये से ज्यादा दर्ज की गईं।

ये आंकड़े बैंक की वित्तीय स्थिति और खाताधारकों के विश्वास को दर्शाते हैं।

किसानों को धान खरीदी के एवज में 11,583 करोड़ रुपये का भुगतान

धान खरीदी वर्ष 2025-26 में बैंक की समितियों के माध्यम से कुल 37,36,666 मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया गया। इसके एवज में किसानों को समर्थन मूल्य के तहत 8,854 करोड़ रुपये और कृषक उन्नति योजना के तहत 2,729 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया।

इस तरह किसानों को कुल 11,583 करोड़ रुपये का भुगतान समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया गया।

कृषि ऋण वितरण में लक्ष्य से आगे निकला बैंक

30 सितंबर 2026 की स्थिति में बैंक द्वारा 2,200.16 करोड़ रुपये का खरीफ अल्पकालीन कृषि ऋण वितरित किया जा चुका था। यह निर्धारित लक्ष्य का 102.10 प्रतिशत है। पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में इस बार कृषि ऋण वितरण में करीब 27 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। यह आंकड़ा प्रदेश के जिला सहकारी बैंकों में सर्वाधिक रहा।

डिजिटल बैंकिंग के विस्तार में भी बनाई पहचान

बैंक की ओर से ऋणी किसानों की सुविधा के लिए प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों में माइक्रो एटीएम उपलब्ध कराए गए हैं। इनके माध्यम से 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच 74,279 सदस्यों ने कुल 66.61 करोड़ रुपये का लेन-देन किया। यह आंकड़ा प्रदेश में सर्वाधिक रहा।

इसके अलावा समितियों के कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित 32 प्रकार की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इन सेवाओं के माध्यम से 257 लाख रुपये का लेन-देन हुआ है।

ग्रामीणों को सस्ती दवाइयां उपलब्ध कराने की पहल

बैंक ने सामाजिक सरोकारों के तहत प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र योजना में भी योगदान दिया है। इसके अंतर्गत बैंक की 12 प्राथमिक सहकारी समितियों द्वारा जन औषधि केंद्रों का संचालन शुरू किया गया है। इन केंद्रों के माध्यम से ग्रामीणों को सस्ती जेनेरिक दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं।

सहकारिता क्षेत्र में बैंक की उपलब्धियों की चर्चा

जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक रायपुर द्वारा वित्तीय प्रबंधन, धान खरीदी भुगतान, कृषि ऋण वितरण और डिजिटल सेवाओं के क्षेत्र में दर्ज की गई उपलब्धियों को सहकारिता क्षेत्र के जानकारों, समिति प्रतिनिधियों और कृषक सदस्यों द्वारा प्रदेश के अन्य जिला सहकारी बैंकों के लिए एक मिसाल के रूप में देखा जा रहा है। CEO अपेक्षा व्यास के कार्यकाल में बैंक ने इन क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां दर्ज की हैं।


Related Articles