राहुल गांधी के ‘गद्दार’ बयान पर बवाल, सीएम विष्णुदेव साय ने कहा- यह राजनीतिक दिवालियापन की निशानी

राहुल गांधी के ‘गद्दार’ बयान पर बवाल, सीएम विष्णुदेव साय ने कहा- यह राजनीतिक दिवालियापन की निशानी

Uproar over Rahul Gandhi’s ‘Traitor’ Remark: रायपुर। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के विवादित बयान को लेकर सियासत तेज हो गई है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ ‘गद्दार’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल उनकी हताशा, राजनीतिक दिवालियापन और संकुचित मानसिकता को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि लंबे समय से सत्ता से दूर रहने की निराशा ने कांग्रेस को लोकतांत्रिक मर्यादाओं की सीमाएं लांघने पर मजबूर कर दिया है। उन्होंने कहा कि जिस नेतृत्व ने आतंकवाद और नक्सलवाद जैसी गंभीर चुनौतियों का मजबूती से सामना किया और भारत को वैश्विक मंच पर सशक्त पहचान दिलाई, उसके खिलाफ इस तरह की टिप्पणी बेहद निंदनीय है।

सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री जैसे संवैधानिक पदों की गरिमा राष्ट्र की गरिमा से जुड़ी होती है। राजनीतिक विरोध के नाम पर अशिष्ट और अपमानजनक भाषा का प्रयोग लोकतंत्र की परंपराओं के खिलाफ है। उन्होंने कांग्रेस के इस रवैये को गैर-जिम्मेदाराना और लोकतंत्र विरोधी बताया।

रायबरेली की सभा में राहुल गांधी का बयान

दरअसल, राहुल गांधी ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के रायबरेली में आयोजित एक जनसभा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए विवादित टिप्पणी की। राहुल गांधी ने सभा में मौजूद लोगों से कहा कि जब भी BJP-RSS के लोग सामने आएं तो उनसे कहिए कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह “गद्दार” हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि BJP-RSS ने देश और संविधान को नुकसान पहुंचाने का काम किया है।

कांग्रेस ने राहुल गांधी के इस बयान का वीडियो अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी साझा किया है। बयान सामने आने के बाद भाजपा नेताओं ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला शुरू कर दिया है, जिसके बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है।


Related Articles