बिलासपुर में 3 दिन में दो लूट, डीजीपी अरुण देव गौतम ने ली हाईलेवल मीटिंग, गश्त और चेकिंग बढ़ाने के निर्देश

बिलासपुर में 3 दिन में दो लूट, डीजीपी अरुण देव गौतम ने ली हाईलेवल मीटिंग, गश्त और चेकिंग बढ़ाने के निर्देश

DGP Arun Dev Gautam Meeting बिलासपुर में सराफा व्यापारियों से लगातार हो रही लूट की घटनाओं को लेकर अरुण देव गौतम ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने बिलासपुर रेंज के सभागार में पुलिस अधिकारियों की उच्च स्तरीय बैठक लेकर सीपत और राजकिशोर नगर लूटकांड की विस्तृत समीक्षा की। डीजीपी ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए गश्त और चेकिंग बढ़ाने, नाकाबंदी को मजबूत करने तथा एफआईआर की नियमित निगरानी के निर्देश दिए।

बैठक में रामगोपाल गर्ग सहित सभी राजपत्रित अधिकारी उपस्थित रहे। डीजीपी ने सराफा दुकानों, बैंकों और होटल-लॉज की सख्त निगरानी के आदेश दिए तथा संवेदनशील स्थलों पर नियमित चेकिंग, सीसीटीवी और अन्य सुरक्षा उपायों की लगातार समीक्षा करने को कहा। उन्होंने पुलिस कार्यप्रणाली, पेट्रोलिंग, संदिग्धों की जांच और सूचना तंत्र को और मजबूत बनाने पर जोर दिया।

डीजीपी ने सिरगिट्टी और मोपका अग्निकांड के संबंध में विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए और रेंज स्तर पर इन मामलों की कड़ी निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अंतर्राज्यीय समन्वय के माध्यम से अपराधियों को 24 घंटे के भीतर माल सहित पकड़ने पर पुलिस टीम की सराहना भी की।

अधिकारियों को थानों का नियमित निरीक्षण करने और फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनने के निर्देश दिए गए। थाना प्रभारी स्वयं रिपोर्ट सुनें और एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया की निगरानी करें, साथ ही संदिग्ध मर्ग मामलों की जांच सावधानी और गंभीरता से करने को कहा गया। नाकाबंदी व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर भी विशेष बल दिया गया।

बैठक में अभियोजन संचालक माखनलाल पांडेय को जांच की गुणवत्ता सुधारने और आईसीजेएस प्रणाली के तहत ई-चालान व ई-साक्ष्य की प्रक्रिया को न्यायालयों और थानों के साथ समन्वय स्थापित कर शीघ्र लागू करने के निर्देश दिए गए। बैठक में होमगार्ड डीआईजी लक्ष्मी चंद्र वर्मा, अग्निशमन अधिकारी तथा जिले के पुलिस एवं अग्निशमन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Read More : दुर्ग में नकली सोना लेकर बैंक पहुंचा, फर्जी हॉलमार्क लगाकर बैंक से लोन लेने की कोशिश, आरोपी गिरफ्तार


Related Articles