Indira Gandhi Agricultural University Festival: रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में 29 से 31 मई 2026 तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय राष्ट्रीय आम महोत्सव में अगले तीन दिनों तक आमों की बहार बिखरी रहेगी। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, संचालनालय उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी तथा प्रकृति की ओर सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव का शुभारंभ राज्यपाल रमेन डेका 29 मई को अपरान्ह 4 बजे करेंगे। समारोह की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे।
उद्घाटन समारोह में कृषि मंत्री रामविचार नेताम, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, धरसींवा विधायक अनुज शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
250 से अधिक किस्मों के आम होंगे आकर्षण का केंद्र
राष्ट्रीय आम महोत्सव में आम की 250 से अधिक देशी और विदेशी किस्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। इनमें दशहरी, लंगड़ा, चौसा, अलफांसो, केसर, तोतापरी, नीलम, फजली जैसी व्यावसायिक किस्मों के साथ मल्लिका, आम्रपाली, सिंधु, रत्ना और अर्का पुनीत जैसी संकर किस्में भी शामिल होंगी। वहीं मियाजाकी, टॉमी एटकिन्स और गोल्डन नगेट्स जैसी आयातित किस्में भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
आम आधारित प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम
महोत्सव में आम सजावट, मैंगो क्विज, फैंसी ड्रेस, आम आधारित मॉडल, बोनसाई और आम से बने व्यंजनों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतिभागी आम पना, आम पापड़, अचार, जैम, आमरस और मिठाइयों के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकेंगे। प्रसिद्ध शेफ आकांक्षा रॉय आम से व्यंजन बनाना भी सिखाएंगी।
तकनीकी सत्रों में मिलेगा किसानों को मार्गदर्शन
30 मई को “आम उत्पादन समस्या एवं समाधान” विषय पर तकनीकी सत्र आयोजित होगा, जिसमें विशेषज्ञ किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले आम उत्पादन, प्रसंस्करण, विपणन और सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगे। 31 मई को सफल आम उत्पादक कृषकों और उद्यमियों की सफलता की कहानियां साझा की जाएंगी।
निःशुल्क रहेगा प्रवेश और पंजीयन
महोत्सव में प्रवेश और पंजीयन पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। आम की ग्यारह गुठलियां लाने वाले लोगों को उन्नत किस्म का आम पौधा भी प्रदान किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य आम उत्पादन, प्रसंस्करण और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना है।

