CG Durg Patan News: दुर्ग। पाटन नगर की जामा मस्जिद में गुरुवार को ईद-उल-अजहा का त्योहार पूरे हर्षोल्लास, अकीदत और भाईचारे के साथ मनाया गया। सुबह निर्धारित समय पर बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग जामा मस्जिद पहुंचे और सामूहिक रूप से नमाज अदा कर देश में अमन-चैन, खुशहाली और एकता की दुआ मांगी।
सफेद लिबास और सिर पर टोपी पहने नमाजियों ने खुदा की बारगाह में सिर झुकाया। जामा मस्जिद के पेश इमाम हाफिज अहमद रज़ा ने खुतबा पढ़ते हुए ईद-उल-अजहा की नमाज अदा कराई और समाज को मुबारकबाद दी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की बधाई दी।
मुस्लिम समाज की ओर से नमाजियों के लिए चाय, नाश्ता और फल-फ्रूट की विशेष व्यवस्था की गई थी। इस मौके पर इमाम हाफिज अहमद रज़ा ने देश में शांति, भाईचारे और सौहार्द बनाए रखने की दुआ की।
कार्यक्रम के दौरान मस्जिद कमेटी ने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। मुस्लिम समाज के लोगों ने स्थानीय पुलिस प्रशासन और मीडिया प्रतिनिधियों का फूल-माला और इत्र भेंट कर स्वागत किया।
ईद-उल-अजहा के इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष पार्षद आभास दुबे, मनोज कुर्रे, डॉ. वीरेंद्र कौशिक, दीपक यादव, मीडिया प्रभारी संदीप मिश्रा सहित समाज प्रमुख हाजी शकील मोहम्मद, सैय्यद जाफरी, कलीम मोहम्मद और बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।

