भिलाई में चोरी और लूट से दहशत, बंद मकान से लाखों पार, जामुल में चाकू की नोक पर दुकानदार से लूट

भिलाई में चोरी और लूट से दहशत, बंद मकान से लाखों पार, जामुल में चाकू की नोक पर दुकानदार से लूट

Chhattisgarh Bhilai Latest News: भिलाई: छत्तीसगढ़ के भिलाई में अपराध की दो बड़ी वारदातों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सुपेला थाना क्षेत्र में बंद मकान से लाखों की चोरी हुई, वहीं जामुल इलाके में चाकू दिखाकर दुकानदार से लूट की घटना सामने आई है।

सुपेला थाना इलाके के नेहरू नगर पश्चिम स्थित एक पॉश कॉलोनी में अज्ञात चोरों ने बंद घर को निशाना बनाया। कारोबारी विनय कुमार अग्रवाल अपने परिवार के साथ एक शादी समारोह में गए हुए थे। सोमवार दोपहर घर से निकलने के बाद जब वे देर रात लौटे, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर अलमारी खुली हुई थी और सामान बिखरा पड़ा था।

प्रारंभिक जांच में करीब 1.40 लाख रुपये नकद और लाखों के सोने-चांदी के जेवर चोरी होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि शादी के चलते जेवर बैंक लॉकर से निकालकर घर में रखे गए थे। पुलिस को आशंका है कि चोरों ने पहले से घर की रेकी कर वारदात को अंजाम दिया।

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी विजय अग्रवाल, सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी और क्राइम डीएसपी यदुमणि सिदार सहित पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। डॉग स्क्वायड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद से जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है।

वहीं, भिलाई के जामुल क्षेत्र में एक दुकानदार से लूट का मामला सामने आया है। हथखोज ट्रांसपोर्ट नगर में किराना दुकान संचालित करने वाले मेजर यादव के अनुसार, 4 मई की सुबह कुछ युवक दुकान पर पहुंचे और सामान लेने के बाद पैसे देने से इनकार कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने चाकू निकालकर धमकाया और गल्ले से जबरन 5100 रुपये निकाल लिए।

जान बचाने के लिए दुकानदार को मौके से भागना पड़ा। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ ही सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से शहर में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं।


Related Articles