Chhattisgarh Surajpur News: सूरजपुर: प्रतापपुर क्षेत्र में बॉक्साइट लोड भारी वाहनों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रतिबंधित होने के बावजूद सैकड़ों ट्रक मुख्य मार्ग से बेधड़क गुजर रहे हैं, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, प्रतिदिन बड़ी संख्या में बॉक्साइट से लदे ट्रक प्रतापपुर, चंदौरा, रेवटी और खड़गावा होते हुए मुख्य मार्ग से आवाजाही कर रहे हैं। यह न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा बन चुका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन भारी वाहनों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है और कई हादसे भी सामने आ चुके हैं।
सड़क की स्थिति भी चिंताजनक हो गई है। करोड़ों रुपये की लागत से बनी सड़कें अब जगह-जगह से उखड़ रही हैं। लगातार भारी दबाव के चलते सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं, जिससे आम जनता और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि संबंधित अधिकारियों की मिलीभगत के बिना इस तरह नियमों की अनदेखी संभव नहीं है। आरोप है कि पुलिस द्वारा केवल औपचारिक चालानी कार्रवाई कर 500 से 1000 रुपये तक की वसूली की जाती है और फिर वाहनों को छोड़ दिया जाता है।
इस मामले में क्षेत्रीय विधायक शकुंतला सिंह ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि भारी वाहनों पर पूर्ण प्रतिबंध लागू किया जाए और बॉक्साइट ट्रक केवल निर्धारित रूट से ही संचालित हों। उन्होंने चेतावनी दी कि अवैध वसूली या नियम उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
व्यापारी संघ के अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने भी नाराजगी जताते हुए कहा कि भारी वाहनों के कारण सड़कें टूट रही हैं, जाम की स्थिति बन रही है और हादसों का खतरा लगातार बना हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया, तो व्यापारी और नगरवासी मिलकर आंदोलन करेंगे।
वहीं, थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह ने कहा कि बॉक्साइट लोड ट्रकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
फिलहाल, यह मुद्दा पूरे प्रतापपुर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोगों की मांग है कि प्रशासन तत्काल ठोस कदम उठाकर प्रतिबंधित मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद करे, ताकि सड़क सुरक्षित रहे और आमजन को राहत मिल सके।

