सरगुजा में तहसीलदारों की हड़ताल, BJP विधायक रामकुमार टोप्पो समेत 10 पर FIR, गिरफ्तारी की मांग, जानें पूरा मामला

सरगुजा में तहसीलदारों की हड़ताल, BJP विधायक रामकुमार टोप्पो समेत 10 पर FIR, गिरफ्तारी की मांग, जानें पूरा मामला

Chhattisgarh Sarguja News: सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में सीतापुर से भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो पर नायब तहसीलदार के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। मामले में विधायक समेत 10 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। घटना के विरोध में छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ ने नाराजगी जताते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं जिले के तहसीलदारों ने सामूहिक अवकाश पर जाने का ऐलान किया है।

जानकारी के मुताबिक, मैनपाट की राजापुर उप तहसील में विधायक की चचेरी बहन सीमा धनकी ने जमीन के शाख शोध पत्र के लिए 14 मई को आवेदन जमा किया था। आरोप है कि कई दिनों से उन्हें दफ्तर के चक्कर लगवाए जा रहे थे। बुधवार को जब वह उप तहसील कार्यालय पहुंचीं तो नायब तहसीलदार तुषार मानिक से फाइल पर हस्ताक्षर करने को कहा। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया।

सीमा धनकी ने आरोप लगाया कि नायब तहसीलदार ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया, फाइल फेंकी और दफ्तर से बाहर निकल जाने को कहा। इसके बाद उन्होंने विधायक रामकुमार टोप्पो को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।

आरोप है कि शाम करीब 6 बजे विधायक रामकुमार टोप्पो ने सीतापुर लौट चुके नायब तहसीलदार तुषार मानिक को वापस राजापुर बुलाया। इस दौरान एसडीएम फागेश सिन्हा भी मौके पर पहुंचे। नायब तहसीलदार तुषार मानिक का आरोप है कि विधायक और उनके समर्थकों ने उनसे बहन के साथ अभद्रता को लेकर सवाल-जवाब किया और फिर मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक ने उन्हें अलग किनारे बुलाकर पीटा, जबकि बीच-बचाव में पहुंचे एसडीएम ने उन्हें बचाया।

घटना में नायब तहसीलदार के कपड़े फटने की भी बात सामने आई है। शिकायत के बाद विधायक रामकुमार टोप्पो समेत 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। दूसरी ओर विधायक की बहन की शिकायत पर नायब तहसीलदार तुषार मानिक के खिलाफ भी FIR दर्ज हुई है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं।

विधायक समर्थकों ने कार्रवाई के विरोध में सीतापुर थाने के सामने धरना प्रदर्शन किया और FIR वापस लेने की मांग की। वहीं छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ ने घटना को अधिकारियों पर हमला बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

इस मामले पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपाइयों की गुंडागर्दी बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि सरकार सुशासन की बात करती है, लेकिन अधिकारी ही सुरक्षित नहीं हैं। बैज ने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि क्या सरकार अपने विधायक के खिलाफ कार्रवाई करेगी।


Related Articles