तेलीबांधा तालाब में वीर सावरकर की प्रतिमा लगाने के प्रस्ताव पर सियासत तेज, दीपक बैज ने भाजपा को घेरा

तेलीबांधा तालाब में वीर सावरकर की प्रतिमा लगाने के प्रस्ताव पर सियासत तेज, दीपक बैज ने भाजपा को घेरा

Deepak Baij on BJP: रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा तालाब में वीर सावरकर की प्रतिमा स्थापित करने के प्रस्ताव को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। सावरकर स्मृति संस्था की ओर से नगर निगम को प्रतिमा स्थापना के लिए आवेदन दिए जाने के बाद कांग्रेस और भाजपा के बीच बयानबाजी तेज हो गई है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने इस मुद्दे पर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि क्या भाजपा तेलीबांधा तालाब का नाम बदलकर सावरकर के नाम पर रखना चाहती है। उन्होंने इसे छत्तीसगढ़ के महापुरुषों का अपमान बताते हुए कहा कि यहां माता कर्मा और तेलहीन माई जैसे स्थानीय गौरव प्रतीकों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।

दीपक बैज ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि जिन लोगों ने अंग्रेजों के सामने हाथ जोड़े, उनकी प्रतिमा लगाने की बात की जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा छत्तीसगढ़ की संस्कृति और स्थानीय अस्मिता को नजरअंदाज कर रही है।

वहीं सावरकर स्मृति मंच के संयोजक इंजीनियर गिरधारी ने बताया कि संस्था की ओर से रायपुर महापौर मीनल चौबे और संस्कृति विभाग के अध्यक्ष अमर गिदवानी को ज्ञापन सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि शहर में विभिन्न महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित हैं, ऐसे में वीर सावरकर की प्रतिमा भी लगाई जानी चाहिए।

गिरधारी ने बताया कि तेलीबांधा तालाब का चयन इसलिए किया गया क्योंकि यहां बड़ी संख्या में लोग घूमने और समय बिताने पहुंचते हैं। उनका कहना है कि यदि प्रतिमा के साथ लाइट एंड साउंड शो शुरू किया जाता है तो यह स्थान शहर का बड़ा टूरिस्ट अट्रैक्शन बन सकता है।

जानकारी के मुताबिक यह प्रस्ताव पहले मेयर-इन-काउंसिल (MIC) की बैठक में रखा जाएगा। इसके बाद अंतिम मंजूरी के लिए नगर निगम की सामान्य सभा में पेश किया जाएगा।

बता दें कि तेलीबांधा तालाब रायपुर का प्रमुख पर्यटन और मनोरंजन स्थल माना जाता है। यहां देश का 82 मीटर ऊंचा तिरंगा भी स्थापित है, जो इस स्थान को शहर की खास पहचान दिलाता है।


Related Articles