Takhatpur News: नदी पार करते समय तीन मासूमों की मौत, गांव में पसरा मातम

Takhatpur News: नदी पार करते समय तीन मासूमों की मौत, गांव में पसरा मातम

Chhattisgarh Takhatpur News: तखतपुर। ग्राम पंचायत समडील में स्कूल से घर लौट रहे तीन मासूम बच्चे घोंघा नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गए। हादसे के बाद पुलिस प्रशासन, ग्रामीणों और एसडीआरएफ की टीम ने लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया। रेस्क्यू के दौरान तीनों बच्चों के शव बरामद कर लिए गए।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम समडील निवासी 7 वर्षीय अनमोल जायसवाल, 9 वर्षीय स्तुति जायसवाल और 8 वर्षीय शिक्षा जायसवाल शनिवार को स्कूल से छुट्टी के बाद नदी पार कर घर लौट रहे थे। बताया गया कि उस समय नदी में पानी कम था, लेकिन अचानक तेज बहाव आने से तीनों बच्चे उसकी चपेट में आ गए।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों के साथ पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्चों की तलाश शुरू की। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम ने भी रेस्क्यू ऑपरेशन संभाला और सुबह से लगातार नदी में सर्चिंग की।

रेस्क्यू के दौरान सबसे पहले अनमोल जायसवाल का शव नदी में पुल के नीचे से बरामद किया गया। इसके बाद 9 वर्षीय स्तुति जायसवाल का शव एनीकट के पास मिला। सर्च ऑपरेशन के दौरान 8 वर्षीय शिक्षा जायसवाल का शव भी बरामद कर लिया गया।

तीनों बच्चों की मौत की खबर से गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तखतपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है।


Related Articles