Chhattisgarh News: मंत्री केदार कश्यप के काफिले का एक्सीडेंट, हादसे में 4 पुलिसकर्मी और ड्राइवर घायल, इलाज जारी

Chhattisgarh News: मंत्री केदार कश्यप के काफिले का एक्सीडेंट, हादसे में 4 पुलिसकर्मी और ड्राइवर घायल, इलाज जारी

कोंडागांव: छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में रविवार दोपहर मंत्री केदार कश्यप के काफिले के साथ हादसा हो गया। जूनवानी के पास एक स्कॉर्पियो ने पहले मंत्री की कार को टक्कर मारी, इसके बाद अनियंत्रित होकर फॉलो वाहन से जा भिड़ी। हादसे में फॉलो वाहन में सवार 4 पुलिस जवान घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए कोंडागांव जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जूनवानी के पास काफिले में घुसी स्कॉर्पियो

जानकारी के मुताबिक, मंत्री केदार कश्यप अपने गृह ग्राम फरसागुड़ा से कोंडागांव की ओर आ रहे थे। इसी दौरान कोंडागांव से जगदलपुर की तरफ जा रही एक स्कॉर्पियो अचानक जूनवानी के पास मंत्री के काफिले के सामने आ गई और मंत्री की कार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और स्कॉर्पियो सीधे काफिले के फॉलो वाहन से जा भिड़ी। हादसा इतना जोरदार था कि फॉलो वाहन समेत तीनों वाहनों को नुकसान पहुंचा है।

हादसे में 4 जवान घायल

स्कॉर्पियो की फॉलो वाहन से हुई टक्कर में उसमें सवार पुलिस जवानों को चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को कोंडागांव जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मंत्री केदार कश्यप को गंभीर चोट नहीं आई है और वह सुरक्षित हैं।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया। इसके लिए जेसीबी की मदद ली गई, ताकि सड़क पर यातायात सुचारु किया जा सके। पुलिस अब हादसे के कारणों की जांच कर रही है। साथ ही स्कॉर्पियो चालक और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।

बाल-बाल बचे मंत्री केदार कश्यप

हादसे में मंत्री की कार को भी नुकसान पहुंचा है, लेकिन शुरुआती जानकारी के अनुसार मंत्री केदार कश्यप सुरक्षित हैं। हादसे में उनके काफिले के फॉलो वाहन में मौजूद 4 जवान घायल हुए हैं। फिलहाल घायल जवानों का कोंडागांव जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस की जांच के बाद ही हादसे की पूरी वजह और जिम्मेदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।


Related Articles