Surajpur News: बारिश में जलमग्न हुआ पंडोपारा प्राथमिक स्कूल, छत से गिर रहा प्लास्टर; जर्जर भवन में पढ़ने को मजबूर नौनिहाल

Surajpur News: बारिश में जलमग्न हुआ पंडोपारा प्राथमिक स्कूल, छत से गिर रहा प्लास्टर; जर्जर भवन में पढ़ने को मजबूर नौनिहाल

Chhattisgarh Surajpur News: सूरजपुर। विकासखंड प्रतापपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत पलढ़ा के पंडोपारा स्थित प्राथमिक शाला की बदहाल स्थिति ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रही बारिश के बीच स्कूल के कमरों में पानी भरने की बात सामने आई है। वहीं भवन की जर्जर हालत के चलते छत से पानी टपकने और प्लास्टर की परतें गिरने की शिकायत है। ऐसे में स्कूल में पढ़ने वाले मासूम बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

बताया जा रहा है कि बारिश के दौरान स्कूल का एक कमरा पानी से भर गया। भवन की स्थिति ऐसी बताई जा रही है कि बच्चों के बैठकर पढ़ाई करने के लिए कोई भी कमरा पूरी तरह सुरक्षित नहीं नजर आ रहा है। छत से पानी टपकने के साथ प्लास्टर गिरने से हादसे की आशंका बनी हुई है। ऐसी परिस्थितियों में बच्चों को पढ़ाना शिक्षकों के लिए भी चुनौतीपूर्ण हो गया है।

वैकल्पिक व्यवस्था की मांग

मूसलाधार बारिश को देखते हुए ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से स्कूल भवन का तत्काल निरीक्षण कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक भवन की आवश्यक मरम्मत नहीं हो जाती, तब तक बच्चों के लिए सुरक्षित वैकल्पिक कक्ष या अन्य व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि उनकी सुरक्षा के साथ पढ़ाई भी प्रभावित न हो।

शिक्षा विभाग की मॉनिटरिंग पर उठे सवाल

स्कूल भवन की मौजूदा स्थिति को लेकर शिक्षा विभाग और स्थानीय स्तर पर निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते भवन की जर्जर स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कराई जाती तो बारिश के मौसम में बच्चों की सुरक्षा को लेकर ऐसी स्थिति नहीं बनती।

सोशल मीडिया वीडियो के बाद मामला चर्चा में

स्कूल की बदहाल स्थिति से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आया है। वीडियो में स्कूल भवन की जर्जर स्थिति और बारिश के दौरान उत्पन्न परिस्थितियों को दिखाए जाने का दावा किया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्कूल की व्यवस्था और बच्चों की सुरक्षा को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है।

हादसे से पहले कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल स्कूल भवन का मौका निरीक्षण, आवश्यक मरम्मत कार्य और बच्चों के लिए सुरक्षित वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि भवन की स्थिति को देखते हुए किसी अप्रिय घटना का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए।


Related Articles