CG Bilaspur Accident News: बिलासपुर। नेहरू नगर इलाके में तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर फुटपाथ से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए। इनमें बाइक चालक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। हादसा नेहरू नगर स्थित साईं मंदिर के पास हुआ।
जानकारी के मुताबिक बाइक नर्मदा नगर की तरफ से नेहरू नगर की ओर आ रही थी। इसी दौरान साईं मंदिर के पास अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और तेज रफ्तार में फुटपाथ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े और घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि बाइक चालक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि दो अन्य युवकों को भी चोट लगी है।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र का मामला
हादसे की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाते हुए हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। बाइक की रफ्तार और उसके अनियंत्रित होने के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है। फिलहाल घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस की जांच के बाद ही हादसे की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।
बिलासपुर से भूपेन्द्र सिंह राठौर की रिपोर्ट

