Surajpur News: देवनगर उप तहसील विवादों में: फर्जी प्रमाण-पत्र जारी करने के आरोप, कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

Surajpur News: देवनगर उप तहसील विवादों में: फर्जी प्रमाण-पत्र जारी करने के आरोप, कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

Chhattisgarh Surajpur News: सूरजपुर। जिले के देवनगर उप तहसील में कथित रूप से फर्जी जाति प्रमाण-पत्र जारी किए जाने, अवैध वसूली और बिचौलियों की सक्रियता को लेकर विवाद गहरा गया है। कांग्रेस के जिला मीडिया प्रभारी अविनाश साहू ने जिला कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

अविनाश साहू ने बताया कि उन्हें क्षेत्र के कई कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) संचालकों से लिखित शिकायतें और संबंधित दस्तावेज प्राप्त हुए हैं। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि उप तहसील कार्यालय में नियमों की अनदेखी कर कथित रूप से पैसे लेकर जाति प्रमाण-पत्र जारी किए जा रहे हैं, जबकि वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने वाले आवेदकों के आवेदन लंबित या निरस्त किए जा रहे हैं।

दस्तावेजों के आधार पर लगाए गंभीर आरोप

कांग्रेस की ओर से कलेक्टर को सौंपे गए दस्तावेजों के हवाले से दावा किया गया है कि एक आवेदक के विभिन्न सरकारी अभिलेखों में अलग-अलग जाति दर्ज होने के बावजूद उसे अस्थायी जाति प्रमाण-पत्र जारी कर दिया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इस तरह की विसंगतियां बिना मिलीभगत के संभव नहीं हैं, इसलिए पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराई जानी चाहिए।

बिचौलियों और अवैध वसूली का भी आरोप

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि उप तहसील कार्यालय में एक बाहरी व्यक्ति कथित तौर पर शासकीय कार्यों में हस्तक्षेप कर रहा है और प्रमाण-पत्र बनवाने के नाम पर लोगों से अवैध वसूली की जा रही है। सीएससी संचालकों का कहना है कि इससे उनके कामकाज पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

जांच नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

कांग्रेस ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, संबंधित अधिकारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई, कथित बिचौलिए पर एफआईआर दर्ज करने और पिछले कुछ महीनों में जारी सभी संदिग्ध जाति प्रमाण-पत्रों की विशेष जांच कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि समयबद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस और प्रभावित सीएससी संचालक जिला मुख्यालय में आंदोलन करेंगे।


Related Articles