Chhattisgarh Surajpur News: सूरजपुर। जिले के रमकोला क्षेत्र में दो बच्चियों के जन्म प्रमाण पत्र में त्रुटियों को सुधारने के नाम पर रुपये मांगने का आरोप सामने आया है। पीड़िता नूरुन निशा ने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोनों बच्चियों के जन्म प्रमाण पत्र में दर्ज गलतियों को दूर करने और दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, नूरुन निशा की दोनों बच्चियों का जन्म नरोला अस्पताल में हुआ था। जन्म प्रमाण पत्र जारी होने के बाद आधार कार्ड से मिलान करने पर बच्चियों के साथ-साथ माता-पिता के नाम में भी गलतियां सामने आईं। पीड़िता का आरोप है कि इन त्रुटियों को सुधारवाने के लिए उन्हें कई बार स्वास्थ्य केंद्र के चक्कर लगाने पड़े, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
पीड़िता ने आवेदन में आरोप लगाया है कि 5 सितंबर 2024 को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रमकोला में जन्म प्रमाण पत्र में सुधार कराने पहुंचने पर उन्हें संबंधित कर्मचारी बाबू ननेश्वर से मिलने के लिए कहा गया। महिला का दावा है कि प्रमाण पत्र में सुधार के नाम पर उनसे 1000 रुपये लिए गए, लेकिन इसके बाद भी दस्तावेजों में गलतियां बनी रहीं। उन्होंने बताया कि 4 सितंबर 2025 को दोबारा सुधार कराने पहुंचने पर भी उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। शिकायत में कुल 3000 रुपये लिए जाने का आरोप लगाया गया है।
नूरुन निशा के अनुसार, 24 सितंबर 2026 को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने के बाद भी बच्चियों के जन्म प्रमाण पत्र में नाम संबंधी त्रुटियों का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने यह भी दावा किया है कि छोटी बच्ची के प्रसव के बाद मिलने वाली 1400 रुपये की राशि अब तक उन्हें प्राप्त नहीं हुई है।
पीड़िता ने अपनी दोनों बच्चियों अनाबिया नूरी और अक्शा नूरी के जन्म प्रमाण पत्र में माता-पिता के नाम सहित सभी त्रुटियों को नियमानुसार सुधारने की मांग की है। साथ ही, रुपये मांगने के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराकर आरोप प्रमाणित होने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की अपील की है। फिलहाल, शिकायत में लगाए गए आरोपों पर संबंधित विभाग का पक्ष सामने आना बाकी है।

