Suicide in Raipur News: रायपुर। राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र स्थित इंद्रप्रस्थ फेस-02 में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक का शव एलआईजी सी-ब्लॉक की छत पर फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
छत पर लटका मिला युवक का शव
जानकारी के अनुसार इंद्रप्रस्थ फेस-02 के एलआईजी सी-ब्लॉक की छत पर लोगों ने एक युवक को फंदे पर लटका देखा। इसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर जांच शुरू की।
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। युवक की उम्र करीब 32 से 35 वर्ष बताई जा रही है।
CCTV फुटेज में लिफ्ट से ऊपर जाता दिखा युवक
पुलिस जांच के दौरान घटना से पहले का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें युवक लिफ्ट से ऊपर जाते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिस अब फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
सुसाइड नोट में लिखी ‘शांति की तलाश’
डीडी नगर थाना प्रभारी गौतम चंद गावड़े ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची थी। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें “शांति की तलाश” जैसी बातें लिखी गई हैं।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों में मृतक की पहचान के लिए पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

