सेलूद स्कूल में विज्ञान समूह 2001 का भव्य रजत जयंती मिलन, शिक्षक एवं समाजसेवी व्यक्तियों को सम्मानित कर पूर्व छात्रों ने यादें की ताजा

सेलूद स्कूल में विज्ञान समूह 2001 का भव्य रजत जयंती मिलन, शिक्षक एवं समाजसेवी व्यक्तियों को सम्मानित कर पूर्व छात्रों ने यादें की ताजा

सेलूद, पाटन। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सेलूद के विज्ञान समूह (सत्र 2001) के पूर्व छात्र–छात्राओं ने विद्यालय से जुड़े 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रजत जयंती मिलन एवं सम्मान समारोह का भव्य, गरिमामय और ऐतिहासिक आयोजन किया। यह कार्यक्रम रविवार को प्रातः 10 बजे से स्वामी आत्मानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सेलूद परिसर में संपन्न हुआ।

यह आयोजन केवल पुनर्मिलन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि गुरु–शिष्य परंपरा, मित्रता, स्मृतियों और उपलब्धियों का प्रेरणादायी संगम बनकर सामने आया। कार्यक्रम में शामिल पूर्व विद्यार्थियों ने अपने स्वर्णिम छात्र जीवन की यादें साझा कीं और अपने मार्गदर्शक गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता प्रकट की। साथ ही समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रहे पूर्व विद्यार्थियों का सम्मान भी किया गया।

समारोह में विज्ञान समूह 2001 के पूर्व छात्र–छात्राएं अपने परिवारजनों सहित बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर विद्यालय को अपने अनुभवों से समृद्ध करने वाली सेवानिवृत्त वरिष्ठ व्याख्याता प्रभा मसीह, तत्कालीन प्राचार्या इंदु मालिक, सेवानिवृत्त प्राचार्या हेमलता धनुषकर, प्राचार्या वीना घोड़ियाल, उच्च वर्ग शिक्षक छाया बंछोर, वर्तमान प्राचार्या पियाली सेन, व्याख्याता अंजली चंद्राकर, रेणुका सिंह एवं एन.के. साहू को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। स्वागत उद्बोधन गोपेश साहू ने प्रस्तुत किया। इसके पश्चात सभी पूर्व छात्र–छात्राओं ने अपने परिवारजनों के साथ परिचय दिया और अपने विद्यालयीन जीवन की स्मृतियों के साथ वर्तमान सामाजिक एवं व्यावसायिक उपलब्धियों को साझा किया। उपस्थित शिक्षकों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों की प्रगति पर प्रसन्नता व्यक्त की और उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद प्रदान किया।

इस अवसर पर स्वामी आत्मानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष रमेश देवांगन तथा ग्राम सभा प्रमुख सुरेंद्र बंछोर का भी शाल, श्रीफल एवं मोमेंटो भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी शिक्षकों, पूर्व विद्यार्थियों एवं उनके परिवारजनों ने सामूहिक भोज ग्रहण किया।

पूर्व छात्र–छात्राओं ने अपने पुराने दिनों को यादगार बनाने के लिए उसी कक्षा में समय बिताया, जहाँ उन्होंने कभी विज्ञान विषय की पढ़ाई की थी। यह आयोजन क्षेत्र में विज्ञान समूह द्वारा आयोजित अपनी तरह का पहला रजत जयंती मिलन समारोह रहा, जो वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध होगा।

कार्यक्रम का सफल संचालन कमलेश ग्रेवाल ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन परेश चावड़ा द्वारा किया गया। समारोह ने गुरु–शिष्य परंपरा, मित्रता और उपलब्धियों की भावना को सशक्त रूप से जीवंत किया।

Read More : विराट हिन्दू सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब, गूंजे जय श्रीराम के नारे, प्रबुद्धजनों ने दिया सनातन धर्म का संदेश


Related Articles