Raipur Rath Yatra: रायपुर। राजधानी रायपुर गुरुवार को भगवान श्री जगन्नाथ, भ्राता बलभद्र और बहन सुभद्रा की भव्य रथयात्रा के रंग में रंगने जा रही है। गायत्री नगर (शंकर नगर) स्थित श्री जगन्नाथ सेवा समिति के तत्वावधान में गुरुवार, 16 जुलाई को आयोजित होने वाले ‘श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव-2026’ की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आकर्षक ढंग से सजाए गए विशाल रथ, रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजे मंदिर परिसर ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से भर दिया है। इस वर्ष आयोजित होने वाले महोत्सव में प्रदेश के राज्यपाल और मुख्यमंत्री विशेष रूप से शामिल होंगे। हजारों श्रद्धालुओं के इस धार्मिक आयोजन में शामिल होने की संभावना है।
‘छेरा पहरा’ की परंपरा होगी मुख्य आकर्षण
रथयात्रा का सबसे प्रमुख आकर्षण भगवान जगन्नाथ की पारंपरिक ‘छेरा पहरा’ रस्म होगी। इस दौरान राज्यपाल और मुख्यमंत्री प्रथम सेवक के रूप में भगवान के रथ के सामने स्वर्ण झाड़ू लगाकर सेवा, समानता और विनम्रता का संदेश देंगे।
इसके बाद भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा का रथारोहण कराया जाएगा। शंखध्वनि, वैदिक मंत्रोच्चार और जयघोष के बीच महाआरती संपन्न होगी, जिसके बाद रथयात्रा प्रारंभ होगी।
सुबह से शुरू होंगे धार्मिक अनुष्ठान
रथयात्रा महोत्सव के तहत सुबह से ही धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। प्रातः 7 बजे भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन किया जाएगा। इसके बाद राज्यपाल और मुख्यमंत्री की उपस्थिति में हवन की पूर्णाहुति, महाआरती और विशेष भोग अर्पित किया जाएगा। दोपहर में पारंपरिक ‘छेरा पहरा’ की रस्म के बाद भगवान का रथारोहण होगा।
दोपहर 3 बजे निकलेगी भव्य रथयात्रा
दोपहर 3 बजे गायत्री नगर स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर परिसर से भगवान का भव्य रथ रवाना होगा। रथयात्रा बी.टी.आई. मैदान और शंकर नगर मार्ग से होते हुए श्री जगन्नाथ चौक पहुंचेगी, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान के दर्शन कर सकेंगे। इसके बाद भगवान मौसीघर (गुंडिचा मंदिर) के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां रात्रि में विशेष आरती और पूजा-अर्चना का आयोजन किया जाएगा।
21 क्विंटल मूंगगज प्रसाद का होगा वितरण
इस वर्ष रथयात्रा महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के लिए 21 क्विंटल पारंपरिक मूंगगज प्रसाद तैयार किया गया है। समिति ने हजारों श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद के सुचारु वितरण के लिए विशेष व्यवस्था की है, ताकि सभी भक्त आसानी से भगवान का प्रसाद प्राप्त कर सकें।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम
श्री जगन्नाथ सेवा समिति के अध्यक्ष एवं रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा ने बताया कि रथयात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भक्त और भगवान के बीच आस्था, समर्पण और सामाजिक समरसता का महापर्व है। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, यातायात, पेयजल, चिकित्सा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। रथयात्रा मार्ग पर सैकड़ों स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
श्रद्धालुओं से शामिल होने की अपील
श्री जगन्नाथ सेवा समिति ने रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में रथयात्रा महोत्सव में शामिल होकर भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा के दर्शन करें तथा धर्म, संस्कृति और सामाजिक समरसता के इस महापर्व को सफल बनाएं। आयोजन को लेकर राजधानी में उत्साह का माहौल है और प्रशासन भी सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क है।

